रक्षा मंत्री एके एंटनी ने शनिवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की और उन्हें चीनी घुसपैठ से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों और लद्दाख में मौजूदा हालत से अवगत कराया।
साथ चीनी घुसपैठ मामले के समाधान के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी।
राष्ट्रपति देश की तीनों सेनाओं के सुप्रीम कमांडर हैं।
चीनी घुसपैठ हटाओ या दिल्ली की गद्दी छोड़ो
सरकारी सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री ने राष्ट्रपति को लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी इलाके में 19 किमी अंदर तंबू गाड़कर बैठे चीनी सैनिकों की करतूत और इस स्थिति से निपटने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
एंटनी ने इलाके के मौजूदा हालात और सरकार द्वारा किए जा रहे उपायों से भी अवगत कराया। एंटनी ने राष्ट्रपति को भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए प्रतिनिधिमंडल के मुखर्जी से मुलाकात के एक दिन बाद सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
चीन अड़ा, बोला हमारी सेना अपने हिस्से में तैनात
एनडीए प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर चीनी घुसपैठ और भारतीय कैदी सरबजीत सिंह के मामले में सरकार की लापरवाही की जानकारी दी थी और उनसे दखल की मांग की थी।
चीनी सैनिकों ने 15 अप्रैल को लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी इलाके में 19 किमी अंदर तक घुसपैठ कर चौकियां स्थापित कर ली हैं। दोनों देशों के बीच तीन फ्लैग मीटिंग के बाद भी इसका समाधान नहीं निकाला जा सका है।