मौका था पूर्व मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के सम्मान समारोह का। फ्रांस का सर्वश्रेष्ठ नागरिक सम्मान ‘नाइट ऑफ द ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स’ मिलने से ऐश्वर्या खुशी से फूली नहीं समा रही थी। मगर नन्ही ऐश्वर्या यानि उनकी एक साल की बेटी अराध्या पूरे कार्यक्रम के दौरान रोती रही। बृहस्पतिवार को ऐश्वर्या के जन्मदिन के मौके पर आयोजित इस सम्मान समारोह में अराध्या सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
मुंबई के बांद्रा कुर्ला कांपलेक्स के एक होटल में आयोजित समारोह में जब ऐश्वर्या पहुंची तो उन्होंने अपनी बेटी को गोद में उठा रखा था। जब वह मंच पर पुरस्कार ग्रहण करने पहुंची तो अराध्या को चुप कराने की जिम्मेदारी पापा अभिषेक बच्चन ने संभाली, लेकिन वह चुप नहीं हुई। हारकर अभिषेक उसे बाहर ले गए।
अपनी बेटी के बारे में ऐश्वर्या ने कहा, ‘हम अपने बच्चों को लेकर काफी प्रोटेक्टिव हैं। हम सभी के साथ अपने निजी क्षणों को बांटना चाहते हैं, लेकिन अपने बच्चों की देखभाल हम खुद ही करना चाहते हैं। अब मैं समझ सकती हूं कि एक मां बनने का अनुभव कैसा होता है। मुझे यह अनुभव मिला, इसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं।’ पिछले साल नवंबर को जन्मी अराध्या को काफी समय तक मीडिया से दूर रखने की कोशिश की गई थी।