मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्वाचन जिले झालावाड़ से राजस्थान में एयर एम्बुलेंस की शुरुआत होगी। इसी क्षेत्र से उनके पुत्र दुष्यंत सिंह सांसद हैं।
एयर एम्बुलेंस के लिए झालावाड़ स्थित मेडिकल कॉलेज की छत पर हेलीपैड बनाया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को वित्त विभाग ने स्वीकार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार अस्पताल की सबसे ऊपर तीसरी मंडिल है, जिस पर हैलीपैड बनना प्रस्तावित है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एनआरएचएम के इंजीनियरिंग शाखा तथा राजस्थान के रोड डवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) को पत्र लिखकर यह जांचने को कहा है कि अस्पताल की छत एयर एम्बुलेंस की लेंडिंग सहन करने लायक है या नहीं। साथ ही, ये विभाग एयर एम्बुलेंस को लेकर सभी नजरिए से अस्पताल के निर्माण की जांच भी करेंगे।
क्षेत्रफल के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के नाते राजस्थान में एयर एम्बुलेंस की जरूरत काफी पहले से महसूस की जा रही थी। सीमावर्ती क्षेत्रों की जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल तक अत्यधिक दूरी के चलते मरीज को सफर में 10 घंटे तक काटने पड़ते हैं।
एयर एम्बुलेंस से मरीजों को त्वरित लाभ मिल सकेगा। झालावड़ मेडिकल कॉलेज के प्रचार्य आर.के. आसेरी ने बताया कि झालावड़ से एयर एम्बुलेंस सुविधा प्रस्तावित है, वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद अब तेजी से काम चल रहा है।