आगरा का एक और सितारा विश्व पटल पर चमकने जा रहा है। सेंट क्लेयर्स स्कूल के कक्षा सातवीं के छात्र मेयूल वर्मा डिज्नी चैनल पर दिखेंगे। उनकी लिखी कहानी ‘मैजिकल पियानो’ का 27 जून को सुबह दस बजे चैनल पर प्रसारण होगा।
चैनल की ओर से अक्तूबर 2014 में कहानी मास्टर नाम से प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें बच्चों से ऐसी स्टोरी लिखकर मांगी गई थी, जिसका कहीं प्रकाशन नहीं हुआ।
देशभर से 15000 कहानियां चैनल को प्राप्त हुईं। उसमें से महज पांच कहानियों का चयन किया गया, जिसमें से एक मेयूल वर्मा की लिखी कहानी ‘मैजिकल पियानो’ थी। सितंबर 2014 में मेयूल पिता गजेंद्र वर्मा और मां प्रीति वर्मा के साथ केरल में शो की रिकार्डिंग के लिए गए थे। अब चैनल ने उनको ई-मेल भेजकर शो के प्रसारण का समय बताया है।