लोकसभा में पाकिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित हो गया है। सर्वसम्मति के साथ इस प्रस्ताव को लोससभा में पास किया गया। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सभी सांसदों की सहमति के बाद इस प्रस्ताव की घोषणा की और इसे मंजूर कर दिया। मीरा कुमार ने पाकिस्तान के कदम की निंदा करते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान के प्रस्ताव को खारिज करता है।
इससे पहले अफजल गुरु की फांसी पर पाकिस्तान की नेशनल असेंबली से पास हुए निंदा प्रस्ताव पर बीजेपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस पर चर्चा की मांग की थी। बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने पाकिस्तान के इस कदम पर लोकसभा में प्रश्नकाल स्थगित कर चर्चा का नोटिस दिया था।
इससे पहले संसद में इस मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा की कार्यवाही 11.30 बजे तक स्थगित कर दी गई। दोबारा कार्रवाई शुरू होने पर फिर सदन में हंगामा होने लगा और लोकसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
यशवंत सिन्हा ने लोकसभा में नोटिस देते हुए प्रश्नकाल स्थगित कर इस पर चर्चा की मांग की। उन्होंने अपने नोटिस में कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्ताव पारित हो।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरूण जेटली ने इस मामले पर सदन में प्रधानमंत्री के बयान की मांग की। उन्होंने कहा कि पाक ने अपनी सीमा लांघी है। उससे कोई बातचीत नहीं की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि भारत के अंदरूनी मामले में दखलअंदाजी करते हुए पाकिस्तान की नेशनल असेंबली ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने पर एक निंदा प्रस्ताव पास किया है। यह प्रस्ताव जमायत−ए−उलेमा−ए−इस्लाम के प्रमुख मौलामा फजल−उर्रहमान ने पेश किया था, जिसे पाकिस्तानी संसद ने मंजूरी दी।
इसमें कहा गया है कि अफजल की फांसी के बाद जम्मू-कश्मीर के हालात काफी खराब हो गए हैं, साथ ही तिहाड़ जेल में दफन अफजल गुरु के शव को उसके घरवालों को सौंपने की भी मांग की गई है। खास बात यह है कि अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करने से ठीक दो दिन पहले नेशनल असेंबली ने यह प्रस्ताव पास किया है।