फैजाबाद में हालात सामान्य होने के चलते कर्फ्यू में ढील की मियाद और बढ़ाई गई है। प्रशासन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक 12 घंटे की कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा की है। पिछले कई दिनों से बंद चल रहे जिले के स्कूल-कॉलेज आज से खुल गए। इस बीच पुलिस ने भदरसा निवासी भोला की हत्या के मामले में आरोपी सद्दू समेत जिले में 16 लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया है। शुक्रवार को 11 बजे भदरसा के प्रभावितों को मुआवजे के रूप में नगर पंचायत सभागार में लगभग 13 लाख रुपये के चेक वितरित करने की तैयारी की है।
चार दिनों से प्रशासन की ओर से हालात की समीक्षा कर कर्फ्यू अवधि में लगातार छूट ही नहीं दी जा रही है बल्कि प्रतिदिन छूट की अवधि में बढ़ोतरी भी की जा रही है। कई दिनों के बाद स्कूल-कॉलेज खुलने से शहर में रौनक फिर लौट आई। बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में बसों और रिक्शों में जाते हुए दिखाई दिए। एसपी सिटी कार्यालय में आयोजित नियमित ब्रीफिंग में डीएम दीपक अग्रवाल ने बताया कि हालात की समीक्षा के बाद शुक्रवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कर्फ्यू में ढील दिये जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि भदरसा में समुदायों के साथ शांति बहाली के लिए बैठकों का दौर जारी है। दंगे से पीड़ित लोगों को शुक्रवार को चेक दिए जाएंगे। लोगों ने घरों से निकलकर खरीददारी की। घर-घर जाकर लोगों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली गई है। एसएसपी रमित शर्मा ने बताया कि बीते 24 घंटो में जिले में भदरसा निवासी दुर्गा प्रसाद उर्फ भोला की चाकू मारकर हत्या के मामले में नामजद सद्दू समेत 16 की गिरफ्तारी की गई है। 56 मुकदमों के अलावा बृहस्पतिवार को नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करने के लिये एक और तहरीर दी गई है।