प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के शीतकालीन सत्र के बाद नए साल में अपने मंत्रिमंडल का एक और विस्तार कर सकते हैं। शिवसेना ने अपने सांसद अनिल देसाई को जल्द मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने का संकेत मिलने की बात कही है।
साथ ही इसकी भी चर्चा है कि विस्तार से पहले अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला को किसी राज्य का राज्यपाल बनाकर इस मंत्रालय का जिम्मा मुख्तार अब्बास नकवी को बतौर स्वतंत्र प्रभार सौंपा जा सकता है। सरकार जल्द ही बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब और असम में नए राज्यपालों की नियुक्ति करेगी।
माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार में पीएम मोदी पार्टी के कुछ और चेहरों को जगह देने के अलावा कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल कर सकते हैं।