राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के बाद अब इंडिया बुल्स के अमरावती स्थित कार्यालय में भी जमकर तोड़फोड़ की।
ठाकरे ने हाल ही में सूखे की स्थिति से गुजर रहे राज्य में इंडिया बुल्स को पावर प्लांट के लिए पानी मुहैया कराने की कड़ी आलोचना की थी। इसी के बाद से ही कंपनी के ऑफिस पर हमले हो रहे हैँ। इस बीच पुलिस ने मनसे के पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इनमें पार्टी की कामगार सेना के दो सदस्य मुनाफ ठाकुर और सागर सूलकर शामिल हैं।
अमरावती स्थित कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘दोपहर करीब 12 बजे 20 से 25 युवा लोगों का एक ग्रुप मनसे के नारे लगाते हुए इंडिया बुल्स ऑफिस के कैंप क्षेत्र में घुस आए और खिड़कियां व शीशे के दरवाजे तोड़ डाले।’ उन्होंने कहा कि कंपनी में मौजूद स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर इन उत्पात करने वालों को अंदर आने से रोकने की पूरी कोशिश की।
प्रवक्ता ने बताया कि घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन में दर्ज करा दी गई है। हालांकि घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं। एक दिन पहले मनसे कार्यकर्ताओं ने इंडियाबुल्स के मुंबई स्थित कार्यालय पर भी हमला किया था। ठाकरे के बयान के बाद ही यह हमले शुरू हुए हैं।
ठाकरे ने एक रैली में कहा था, ‘मैं आप सभी से अपील करता हूं कि सोमवार से इंडियाबुल्स के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करें। कंपनी नंदगांवपीठ में अपने पावर प्लांट को चलाने के लिए गरीब किसानों के हक का पानी हथिया रही है।’ अमरावती महाराष्ट्र के उन राज्यों में से एक है, जो भयंकर सूखे से गुजर रहा है। इस बीच सोफिया पावर प्लांट के इंडिया बुल्स ऑफिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।