आयकर विभाग ने मुंबई और पुणे में भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी की कंपनी पूर्ति पॉवर एंड शुगर लिमिटेड के खातों की जांच शुरू कर दी है। आयकर विभाग इस सिलसिले में जल्दी ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ डाइरेक्ट टैक्सेज को रिपोर्ट सौंपेगा।
आयकर विभाग गडकरी की कंपनी को मिले फंड के स्रोत का पता करेगा, साथ ही उन 18 कंपनियों की जांच करेगा, जिन्होंने पूर्ति में पैसा लगाया था। जल्दी ही इन कंपनियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पहली नजर में यह लग रहा है कि पूर्ति में पैसा लगाने वाली कई कंपनियां फर्जी थीं। शुरुआती जांच नागपुर और मुंबई में कंपनी रजिस्ट्रार कर रहे हैं।
जांच में कोई खामी पाए जाने पर गडकरी की कंपनियों के मामले की जांच कंपनी मामलों के मंत्रालय की स्पेशल फ्रॉड यूनिट को सौंपी जा सकती है। जरूरत पड़ने पर आयकर अधिकारी नितिन गडकरी को भी पूछताछ के लिए बुला सकते हैं। गडकरी की कंपनी पूर्ति पॉवर एंड शुगर लिमिटेड में धांधलियों की परतें एक-एक कर खुल रही हैं। पूर्ति में पैसा लगाने वाली कई कंपनियां फर्जी साबित हो रही हैं।