भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी के इस्तीफे की आंच एनडीए गठबंधन तक पहुंचने लगी है।
एनडीए के संयोजक शरद यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी (जेडीयू) गठबंधन में बने रहने पर अब नए सिरे से विचार करेगी।
आडवाणी के इस्तीफे के बाद शरद यादव ने मीडिया के सामने कहा, 'एनडीए में हम अटल जी और आडवाणी के साथ ही जुड़े थे। उन दोनों के सामने ही सारे समझौत किए थे। अब जब ये दोनों नहीं हैं तो हमें देखना होगा कि आगे की राह क्या है। हम गठबंधन पर अब नए सिरे से विचार करेंगे।'
गौरतलब है कि लाल कृष्ण आडवाणी ने भाजपा के सभी प्रमुख पदों से इस्तीफा दे दिया। वे राष्ट्रीय कार्यकारिणी, संसदीय बोर्ड और चुनाव समिति के सदस्य थे।
हालांकि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। आडवाणी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है।