गोरक्षपीठाधीश्वर एवं सदर सांसद आदित्यनाथ ने हिंदुत्व और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष के नेताओं पर जमकर हमला बोला। कहा कि ओवैसी चाहे जो कहें पर यह जान लें कि हिंदुस्तान में पैदा होने वाला हर बच्चा हिंदू है।
वाड्रा के मामले में जो कुछ हो रहा है वह प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल से ही चल रही है। भाजपा विद्वेष और पूर्वाग्रह में कार्य नहीं करती।
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सदर सांसद ने कहा कि आल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं कि हर बच्चा जन्म से मुस्लिम पैदा होता है। उसके बाद अपने परिवार की मर्जी से दूसरे धर्म में चला जाता है।
असल मायने में घर वापसी मुस्लिमों की होती है। उन्होंने कहा कि ओवैसी पहले कोई बयान देते हैं और बाद में माफी मांग लेते हैं, पर यह सच्चाई जान लें कि हिंदुस्तान में पैदा होने वाला हर बच्चा हिंदू और भारतीय होता है।