जब हमारे ग्रुप ने पेरिस घूमने का मन बनाया था तब हमारे दिमाग शांत, उन्मुक्त, खूबसूरत एफिल टावर वाले फैशन की नगरी का खाका था। लेकिन वहां पहुंचते ही आतंकपीड़ित खौफजदा पेरिस की अलग ही तस्वीर नजर आई। यह कहना है पेरिस टूर पर गईं अदिति सचान का। अदिति मुरादाबाद में तैनात एसपी इंटेलिजेंस शरद सचान की बेटी हैं।
अदिति ने बताया कि 13/11 शुक्रवार को हमारा ग्रुप पेरिस पहुंचा था। सभी थके थे। अगले दिन पेरिस घूमने की प्लानिंग बनी थी। हम लोग एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान होटल के कर्मचारी ने आतंकवादियों के हमलों की जानकारी दी। हम चिंतित हो गए।
होटल स्टाफ ने हमें सतर्क रहने को कहा। हमारी नींद गायब हो गई। रातभर सुरक्षा एजेंसियों के वाहन होटल के सामने की सड़क से सायरन और हूटर बजाते गुजरते रहे। किसी तरह रात बीती। सुबह हम होटल से बाहर निकले। इसी बीच सुरक्षा कर्मियों के वाहन हमारे पास आए। हमें घेर लिया और उन्होंने हम लोगों से पूछताछ की। उनके सवालों के हमने सही-सही जवाब दिए।
सुरक्षा अफसरों ने पेरिस के खराब हालात की जानकारी दी। उनकी सलाह पर हम होटल में लौट गए। अगले चौबीस घंटे तक हम होटल में ही कैद रहे। इसके बाद पेरिस के हालत कुछ हद तक सामान्य हुए। लेकिन चौकसी और दहशत बरकरार थी।