दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल का अभिभाषण सरकार का दिया गया परचा होता है। सिर्फ मेरी सरकार का हवाला देकर उपराज्यपाल उसे पढ़ते हैं।
लेकिन शिक्षाविद और थिएटर में अपनी कला दिखा चुके नए उपराज्यपाल नजीब जंग पहले अभिभाषण में अपनी छाप छोड़ गए।
सरकार की तरफ से अभिभाषण पढ़ने के बाद तुरंत शायर की अंदाज में नजीब ने केजरीवाल को वादे पूरे करने की चुनौती भी दी।
सरकारी भाषण पर ही नहीं रुके उपराज्यपाल
उपराज्यपाल ने करीब दस मिनट के अभिभाषण में आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल वादे दोहराए। सदन की बैठक के दूसरे दिन अरविंद केजरीवाल ने इन्हीं वादों का हवाला देकर विश्वास मत भी मांगा था।
अब नजीब जंग सिर्फ मुहर बनकर कैसे रह सकते थे। यही वजह है कि सरकार का 11 पन्ने वाला अभिभाषण पढ़ा और अंतिम पंक्ति खत्म करने से पूर्व नजीब जंग ने कहा अगर मैं अपनी तरफ से कुछ कहूं, सितारों से आगे जहां और भी है, अभी इश्क ये इम्तिहां और भी हैं...अरविंद जी।
अभी तक पन्नों में दर्ज अभिभाषण ही उपराज्यपाल पढ़ते थे, पहली बार उपराज्यपाल ने अपनी तरफ से लाइन जोड़ी है।
10 मिनट से पहले खत्म हो गया अभिभाषण
पांचवीं विधानसभा के पहले सत्र में उपराज्यपाल नजीब जंग के अभिभाषण में एक नया रिकॉर्ड बनाया। विधानसभा से जुड़े अधिकारी बताते हैं कि उपराज्यपाल अभिभाषण का अभी तक का जो औसत समय रहा है वह 42 मिनट का है।
लेकिन सोमवार को नए उपराज्यपाल, नई सरकार का पहला अभिभाषण दस मिनट से भी पहले खत्म हो गया।
आज विधानसभा में होगी अभिभाषण पर चर्चा
उपराज्यपाल नजीब जंग के अभिभाषण पर पांच दिवसीय सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को चर्चा होगी। सदन की कार्यवाही दोपहर बाद 2 बजे शुरू होगी।
उपराज्यपाल के अभिभाषण को पास करने का प्रस्ताव सत्तापक्ष की तरफ से रखा जाएगा। सदन की कार्यवाही साढ़े तीन घंटा निर्धारित है।
सबसे अधिक समय 82 मिनट भाजपा, 73 मिनट आम आदमी पार्टी, 23 मिनट कांग्रेस और ढाई मिनट जेडीयू विधायक को मिलने की संभावना है।