इंडियन मुजाहिदीन का मास्टरमाइंड यासीन भटकल गोवा में बैठकर बम बनाने में लगा हुआ था। एनआईए की जांच में इसका खुलासा हुआ है।
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पारिकर ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पिछले हफ्ते अंजुना गांव के एक घर में छापा मारा। इसी घर में 2011-12 के दौरान भटकल रहा करता था। एजेंसी को इस घर से बम बनाने के उपकरण मिले हैं।
इससे पहले भटकल को किराए पर मकान देने वाले मकान मालिक ने बताया था कि एनआईए को यहां से एसिड की बोतलें और अन्य चीजें बरामद हुई हैं।
पिछले महीने 28 अगस्त को भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार भटकल नवंबर, 2011 से दिसंबर, 2012 के दौरान यहां करता था। बाद में वह मकान मालिक ध्यानेश्वर चारी को बिना बताए चला गया।
चारी ने बताया कि भटकल के जाने के बाद हमने घर की सफाई की और इन एसिड बोतलों को अलग रख दिया।
मकान मालिक ने बताया कि उन्होंने अपना घर किसी और व्यक्ति को किराए पर दिया था, जिसके पास पुणे का पहचान पत्र था। भटकल बाद में उसके साथ आकर रहने लगा।
इस घटना के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने यह स्वीकार किया कि गोवा अपराधियों के लिए छिपने का अच्छा ठिकाना बन गया है और स्थानीय लोगों को किसी को किराए पर मकान देने से पहले सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किराएदार का पहचान पत्र लेने के बाद उसे पुलिस सत्यापन के लिए भेजना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति अपराधियों को शरण देता पाया गया, तो वह भी अपराध में शामिल माना जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एनआईए की टीम शनिवार रात को भटकल को विशेष विमान से गोवा लाई थी और अंजुना में उसके घर व पणजी के पास स्लम बस्ती चिंबेल में जाने के बाद रात को ही लौट गई थी।
एनआईए ने इंदिरानगर चिंबेल बस्ती से एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके अलावा भटकल द्वारा इस्तेमाल की गई पुरानी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।