मुरादाबाद में घर में घुसकर छात्रा की आबरू लूटने की कोशिश हुई। कामयाब न होने पर दबंग ने तेजाब फेंककर चेहरा जला डाला। इंसाफ के लिए मुंह न खोल सके इसलिए उसके छोटे भाई को दबंगों ने अगवा कर कैद कर लिया। दबंगों की लगातार धमकियों और भाई की जान पर मंडराते खतरे ने उसके होंठ सिल दिए थे।
पुलिस ने भी जब साथ नहीं दिया तो उसने मजिस्ट्रेट के सामने आरोपी के पक्ष में बयान दे दिया। भाई आजाद हुआ तो अब बड़ी मुश्किल से उसने हिम्मत जुटाई। शुक्रवार को एसएसपी के सामने पेश होकर आपबीती सुनाई और इंसाफ मांगा। एसएसपी लव कुमार ने कहा कि पीड़िता ने बयान दिए हैं अब एक्शन लिया जाएगा।
कांठ के मोहल्ला पट्टी वाला में एक जनवरी को दोपहर में बीए की एक छात्रा के साथ घर में घुसकर बलात्कार की कोशिश हुई थी। नाकाम रहने पर दबंग ने छात्रा के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया था। जिससे छात्रा का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। छात्रा की नानी ने कांठ के ही मनी विश्नोई पुत्र अनिल कुमार के खिलाफ कांठ थाने में एफआईआर दर्ज कराई। लेकिन आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाए पुलिस मामले को रफादफा करने में लग गई।