शक्ति मिल्स परिसर में 22 साल की फोटो पत्रकार से हुए गैंगरेप मामले में हर रोज रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे हो रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने रेप के बाद पीड़िता से जो कुछ करने को कहा, उसे सुनकर होश उड़ जाएंगे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों युवती से बलात्कार करने के बाद उसे ठीक से कपड़े पहनने, अपना सामान उठाने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि उसका या उसके दोस्त का कोई सामान वहां न छूट जाए।
आरोपियों को डर था कि ऐसा कुछ होने पर उनके खिलाफ बाद में सबूत के रूप में इस्तेमाल हो सकता है।
पुलिस ने रिमांड एप्लीकेशन में कहा है, 'पांचों आरोपियों ने पीड़िता से बलात्कार की जगह को साफ करने के लिए कहा।' एक आरोपी ने उसकी तस्वीर खींची और इस बारे में किसी को भी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद एक अन्य आरोपी ने भी ऐसा ही किया। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि जिन दो मोबाइल फोन से ये तस्वीरें ली गईं, उन्हें आरोपियों के खिलाफ सबूत के रूप में पेश किया जाएगा।
बलात्कार करने के बाद युवती और उसके सहकर्मी को छोड़ दिया गया। उनसे अपने बैग जांचकर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई सामान छूटना नहीं चाहिए।
गैंग का कथित लीटर मोहम्मद कासिम हाफिज शेख उर्फ बंगाली ने क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को बताया कि पिछले एक साल के दौरान वे शक्ति मिल्स परिसर में चार महिलाओं से बलात्कार कर चुके हैं।