यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे आसाराम बापू के बेटे नारायण साईं उनके बचाव में कूद गए हैं। उनका कहना है कि आसाराम बापू का दामन पूरी तरह साफ है।
समाचार चैनलों से बातचीत करते हुए साईं ने कहा कि भले कुछ भी हो जाए, आसाराम में कायम भक्तों के भरोसे को कोई नहीं डिगा सकता। उन्होंने कहा, "वह जितने मेरे हैं, उतने ही सभी के हैं।"
आरोप लगाने वाली लड़की के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, "वह मानसिक रोगी है और यह सभी आरोप बापू को बदनाम करने के लिए जगाए जा रहे हैं, लेकिन इससे कोई लाभ नहीं होगा।"
साईं ने कहा, "आसमान की तरफ कई रॉकेट छोड़े जाते हैं, आपने कई बार देखा होगा। लेकिन वे आसमान का कुछ नहीं बिगाड़ पाते। आसमान अपनी जगह कायम रहता है। बापू वही आसमान हैं।"
खुद पर लगे जबरन शादी कराने के आरोपों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा, "मैं किसी की जबरन शादी क्यों कराने लगा? अगर कोई सत्संग के वक्त हमाने सामने आकर खड़ा हो जाए और कहे कि हमारी सगाई हो चुकी है, तो उस जोड़े को आशीर्वाद देने में क्य गलत है?"
आश्रम में बच्चों की लाश मिलने से जुड़े आरोप पर साईं ने कहा, "इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से क्लीन चिट मिल चुकी है।"
जब यह पूछा गया कि आश्रम में रासलीलाएं होती हैं और साईं कन्हैया बनकर गोपियों के साथ नाचा करते हैं, इस पर उन्होंने कहा, "रासलीला में कुछ गलत नहीं है। हम रास के वक्त डांडिया खेलते हैं, जो गुजरात समेत सारे देश में कई आयोजनों में किया जाता है। क्या यह भी कोई गुनाह है? इस बात पर मुझे भी जेल में डाल दिया जाएगा?"