मशहूर भोजपुरी गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को देशद्रोही कहकर 'देश में असहिष्णुता' वाले विवाद को फिर से हवा दे दी है।
अंग्रेजी अखबार 'द इंडियन एक्सप्रेस' के मुताबिक शुक्रवार को संसदीय स्थायी समिति की एक बैठक में मनोज तिवारी पर आमिर खान को देशद्रोही कहने का आरोप लगा है।
दरअसल भारत सरकार के 'अतुल्य भारत' अभियान से आमिर खान को हटाने और उनकी जगह अमिताभ बच्चन को इसमें शामिल करने के मुद्दे पर संसदीय स्थायी समिति ने पर्यटन सचिव से स्पष्टीकरण देने के लिए यह बैठक बुलाई थी।
सूत्रों के मुताबिक इसी बैठक में मनोज तिवारी ने कहा, 'आमिर खान एक देशद्रोही हैं और उन्हें इस अभियान से हटा देना ठीक है।' उनके इस बयान पर बैठक में मौजूद अन्य सांसदों ने आपत्ति जताई। हालांकि मनोज तिवारी ने अखबार में छपी इस खबर का खंडन करते हुए ऐसा कोई बयान देने से इंकार किया है।
जानिए, क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि यह विवाद तब शुरू हुआ था जब आमिर ने आठवें रामनाथ गोयनका अवॉर्ड्स कार्यक्रम में कहा था, ''पिछले 6-8 महीने से असुरक्षा और डर की भावना समाज में बढ़ी है। यहां तक कि मेरा परिवार भी ऐसा ही महसूस कर रहा है। मैं और मेरी पत्नी किरण ने पूरी जिंदगी भारत में जी है, लेकिन पहली बार उन्होंने मुझसे देश छोड़ने की बात कही। उन्हें अपने बच्चे के लिए डर लगता है।"
यही नहीं, आमिर ने कहा था, "उनकी पत्नी को इस बात का भी डर है कि आने वाले समय में हमारे आसपास का माहौल कैसा होगा? वो जब अखबार खोलती हैं तो उन्हें डर लगता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितनी अशांति बढ़ी है।'' इस बयान के बाद से आमिर कई लोगों और संगठनों के निशाने पर आ गए थे और उनको इस पर सफाई भी देनी पड़ी थी।
इसके बाद शुक्रवार को पर्यटन मंत्रालय ने कहा था कि आमिर खान की भूमिका अतुल्य भारत अभियान में पूरी हो गई है। पर्यटन मंत्रालय के अनुसार सरकार और उस कंपनी का करार अब पूरा हो गया है, जिसके ब्रांड अंबेसेडर आमिर खान थे। ऐसे में कपनी के साथ आमिर की भूमिका भी समाप्त हो चुकी है।
वहीं, विपक्ष ने असमें साजिश करने का आरोप लगाया है। विपक्ष के मुताबिक सरकार कंपनी के बहाने असहिष्णुता वाले बयान के चलते आमिर खान को निशाना बना रही है।
'मैं ब्रांड अबेसेडर रहूं, न रहूं, भारत अतुल्य है'
जानकारी के मुताबिक अतुल्य भारत अभियान में नई कंपनी के करार के साथ इसके नए ब्रांड एंबेसेडर का चुनाव भी हो गया है। इसके लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन को चुना गया गया है। वह पहले से गुजरात पर्यटन के भी ब्रांड एंबेसेडर हैं। बीते दो दिनों से ये मामला गर्माया हुआ था। अब तय हो गया है कि आमिर ब्रांड एंबेसेडर नहीं रहे।
सरकार ने अतुल्य भारत अभियान विदेशों में भारत के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया है। आमिर खान इस अभियान से काफी वक्त से जुड़े हुए थे। लेकिन अब जब आमिर को इससे बाहर कर दिया गया है तो आमिर ने अपनी बात रख दी है।
मामले पर आमिर खान ने कहा, 'मैं ब्रांड अबेसेडर रहूं, न रहूं, भारत अतुल्य है, मैं सरकार के फैसले का सम्मान करता हूं'। उल्लेखनीय है कि आमिर खान उस वक्त से विवादों में हैं जब उन्होंने भारत में असहिष्णुता बढ़ने की बात कही थी।