भयंकर सूखे से जूझ रहे महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आठ साल के मासूम ने अनूठी मिसाल पेश की है। दूसरी कक्षा के छात्र कनिष्क राजू डोंगरे ने अपना जन्मदिन न मनाकर कार्यक्रम पर खर्च होने वाला धन और अपनी पॉकेट मनी से बचाए गए पैसे मुख्यमंत्री राहत कोष में दे दिए।
सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने डोंगरे के इस कार्य की दिल खोलकर प्रशंसा की। इन दिनों राज्य के कई जिले सूखे की चपेट में है। ठाणे जिले के बदलापुर शहर के एक स्कूल में दूसरी क्लास में पढ़ने वाले डोंगरे का मंगलवार को जन्मदिन था। मगर जन्मदिन मनाने के बजाय वह मुख्यमंत्री चव्हाण के कार्यालय पहुंच गया। जहां उसने सूखा राहत फंड में पांच हजार रुपये दिए। डोंगरे के फोटोग्राफर पिता और मां भी उसके साथ थीं।
बताया जा रहा है कि बच्चे ने यह पैसा अपने माता-पिता द्वारा दी गई पॉकेट मनी से जमा किया था। मुख्यमंत्री ने जन्मदिन पार्टी के जश्न को भुलाकर सूखा राहत फंड में रुपये दान करने के डोंगरे के कार्य की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में छोटे से बच्चे ने जैसी जागरूकता दिखाई है वह समाज के लिए एक मिसाल है।