केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में रविवार को शामिल किए गए 21 मंत्रियों में से 8 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह जानकारी चुनाव पर निगरानी रखने वाले एनजीओ नेशनल इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट में दी गई है।
एनजीओ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उसने चुनाव आयोग को दिए गए इन मंत्रियों के स्वघोषित हलफनामों की समीक्षा की। इसमें पता चला कि नए मंत्रियों में चार के खिलाफ हत्या की कोशिश, सांप्रदायिक वैमनस्य और चुनावी नियमों की अवहेलना के गंभीर मामले दर्ज हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आगरा से भाजपा सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ने अपने हलफनामे में अपने खिलाफ हत्या का प्रयास से संबंधित एक मामले और विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने का एक मामला दर्ज होने की बात कही है।