चीन में एक गुरू ने अपनी छात्राओं से ऐसी नागवार हरकत की है कि शिक्षक संस्था से ही छात्रों का भरोसा तार-तार हो जाए। सबसे दुखद यह है कि चीन में इस तरह की घटनाओं में हाल ही के वर्षों से बराबर इजाफा हुआ है। चीन में एक 60 वर्षीय शिक्षक को पुलिस ने प्राथमिक स्कूल की 19 बच्चियों से छेड़छाड़ करने के आरोप में हिरासत में लिया है।
चीन में बाल शोषण का अब तक का एक सबसे शर्मनाक वाकया है। चीन के शिक्षक की इस हरकत ने शिक्षकों को शर्मसार कर दिया है। चीन की सरकार द्वारा शनिवार को जारी एक वक्तव्य में बताया गया कि बच्चियों के साथ यह शर्मनाक हरकत करने वाले यह शिक्षक हैं जू जियामिन। जल्द ही रिटायर होने वाले इस शिक्षक ने पुलिस के सामने 19 बच्चियों से छेड़छाड़ करने की बात कबूल ली है।
जियामिन बाजीशाओ टाउनशिप स्कूल में तीसरी और चौथी कक्षा के छात्रों को विज्ञान पढ़ाते हैं। यह स्कूल हूनान सूबे के हीशान जिले के यियांग शहर में है। जिला शिक्षा ब्यूरो ने शिक्षक जियामिन की इस हरकत के सामने आने के बाद स्कूल के प्रधानाचार्य जेंग शिनयुई को अपने पद से हटा दिया है।
इस मामले में अब तक 8 से 11 बरस की 26 बच्चियों की शारीरिक जांच की गई है। इस जांच में दो बच्चियों के जननांग में सूजन पाई गई। यह एक ऐसी हकीकत है जिस पर शिक्षा की पूरी संस्था का सिर से ही शर्म से झुक जाए।