सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर सचित्र चेतावनी के आकार पर छिड़े विवाद से हुई किरकिरी के बाद खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हालात संभालने के लिए आगे आना पड़ा है।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अंतिम दिन पीएम ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को ऐसे उत्पादों के पैकेट के 60 फीसदी हिस्से में चेतावनी छापने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इतना ही नहीं पीएम ने इससे संबंधित संसदीय समिति में तंबाकू उत्पाद के कारोबार से जुड़े सांसदों को समिति छोड़ने का भी निर्देश दिया है।
इस मुद्दे पर हुई सरकार की किरकिरी का परोक्ष जिक्र करते हुए पीएम ने नड्डा से इसका तत्काल हल निकालने के लिए कहा। उल्लेखनीय है कि इस मामले में गठित संसदीय समिति के अध्यक्ष और भाजपा के सांसद दिलीप गांधी ने 85 फीसदी हिस्से पर चेतावनी छापे जाने का विरोध किया था।
समिति ने कहा था कि तंबाकू सेवन से कैंसर होने की पुष्टि किसी भारतीय शोध में नहीं हुई है। बीड़ी उद्योग से जुड़े और इसी समिति में शामिल पार्टी के एक अन्य सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने भी इस प्रस्ताव का विरोध किया था।