ऑनर किलिंग के एक मामले में दिल्ली की रोहिणी अदालत ने पांच लोगों को फांसी की सजा सुनाई है। मामला 2010 का है, जिसमें दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में आशा और योगेश नामक प्रेमी जोड़े की हत्या कर दी गई थी। इससे पहले 2 अक्टूबर को अदालत ने इन लोगों को हत्या का दोषी ठहराया था।
दिल्ली के गोकुलपुरी में रहने वाले योगेश और आशा एक-दूसरे से प्रेम करते थे। योगेश की जाति अलग होने के कारण आशा के परिवार वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। योगेश से मिलने से रोकने के लिए आशा को स्वरूपनगर में उसके ताऊ के घर भेज दिया गया, लेकिन योगेश आशा से मिलने स्वरूप नगर ही चला आया। यहां परिवार वालों ने योगेश और आशा की हत्या कर दी। अदालत ने योगेश और आशा की हत्या के मामले में लड़की के माता-पिता, चाचा-चाची सहित 5 लोगों को फांसी की सजा सुनाई।