निसान ने बहुप्रतीक्षित एमपीवी (मल्टी परपज व्हीकल) सेग्मेंट की इवालिया को मंगलवार को दिल्ली में लांच कर दिया है। राजधानी में इसके बेस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 8.49 लाख रुपये रखी गई है। इवालिया को दिल्ली में लांच करने के बाद कंपनी इसे 26 सितंबर को मुंबई, 27 सितंबर को चेन्नई और 28 सितंबर को बंगलूरू में लांच करेगी।
इवालिया टोयोटा की इनोवा, मारुति अर्टिगा और महिंद्रा जायलो को कड़ी टक्कर दे सकती है। निसान ने इसे फ्रेंच कार निर्माता रेनो के साथ मिलकर तैयार किया है। कंपनी का दावा है कि इवालिया 19.33 किमी. प्रति लीटर का माइलेज देगी, जो कि अन्य एमपीवी सेग्मेंट की कारों से ज्यादा है। नई कार में 1.5 लीटर डीजल इंजन है, जो कि निसान की सन्नी, माइक्रा, फ्लूएंस और रिनॉल्ट की अन्य कारों से ज्यादा दमदार है। इसका इंजन एनवीएच मानकों पर एकदम खरा उतरता है।
निसान ने नई यूटिलिटी कार को शहरी आबादी के हिसाब से डिजाइन किया है। एमयूवी सेग्मेंट में इवालिया स्लाइडिंग डोर वाली पहली कार है। कार में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन दिया गया है। इसके इंजन की 83.8 bhp क्षमता और 200 Nm टॉर्क है। एमपीवी इवालिया की लंबाई 5.2 मीटर है, जिसकी वजह से इसमें बैठने की पर्याप्त जगह है। दूसरी सुविधा यह है कि इसमें लगे स्लाइडिंग डोर से मारुति वैन की तरह इसके फर्श को भी यूज किया जा सकता है।
इवालिया में 7 लोगों के बैठने का स्पेस दिया गया है। इसमें 2100 लीटर स्पेस है, मिडिल सीट फोल्ड करके इसे 2900 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। कंपनी ने इवालिया को चार मॉडल में पेश किया है। इसके XE वेरिएंट की कीमत 8.49 लाख रुपये, XE प्लस की 8.92 लाख, XL की 9.49 लाख और टॉप वेरिएंट XV की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है। टॉप मॉडल में एयर बैग की सुविधा है, जबकि बेस वेरिएंट में यह नहीं है।
नई एमपीवी कार में फ्यूल टैंक ड्राइवर सीट के नीचे दिया गया है। जिससे इसमें काफी स्पेस हो गया है। निसान ने इसमें बेहतरीन तकनीकी के साथ कई शानदार फीचर्स को भी शामिल किया है। इवालिया को इसी साल दिल्ली ऑटो एक्सपो में पेश किया गया था। कंपनी अपनी इस कार की प्री-बुकिंग पहले ही शुरू कर चुकी है।