विकलांगों को लेकर पीएम के कार्यक्रम में डीरेका जा रही बस शुक्रवार की सुबह आठ बजे कपसेठी के भीषमपुर गांव में पलट गई। दरअसल, निजी बस का चालक शुक्रवार को छुट्टी पर था। बस खलासी चला रहा था। पांच सौ मीटर आगे जाने पर ही बीच सड़क एक बछड़ा आ गया।
खलासी इससे अनियंत्रित हुई बस लेकर गड्ढे में चला गया। हादसे में 42 लोग घायल हो गए। इसमें नौ की हालत गंभीर बनी है। सभी का मंडलीय अस्पताल और बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। उधर, एनडीआरएफ के जवानों ने भी घायलों की मुस्तैदी के साथ मदद की।
कपसेठी के भीषमपुर और दिलावलपुर गांव के 55 लोगों (विकलांग एवं उनके परिवारवाले) को डीरेका में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में जाना था। सुबह करीब आठ बजे बस भीषमपुर प्राथमिक विद्यालय से रवाना हुई।
करीब पांच सौ मीटर दूर लालपुर-बाउली मार्ग पर बछड़े को सामने देखकर बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे करीब पांच फिट गहरे गड्ढे में पलट गई। बस में फंसे लोगों की चीख पुकार सुन क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला।
नौ की हालत गंभीर, 6 को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया
भीषमपुर की ग्राम प्रधान विद्यावती और दिलावलपुर की ग्राम प्रधान सीमा सिंह के नेतृत्व में नागेंद्र सिंह, निर्मल सिंह, दीपक सिंह, राकेश सिंह समेत आदि लोगों ने घायलों को सेवापुरी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र पहुंचाया और फिर यहां से रेफर करने के बाद मंडलीय अस्पताल ले गए।
सूचना के बाद डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस न पहुंचने पर लोगों ने घटनास्थल और अस्पताल में हंगामा कर दिया। मौके पर डीएम राजमणि यादव और एसडीएम राजातालाब त्रिभुवन पहुंचे। उन्होंने किसी तरह लोगों को शांत कराया। वहीं मंडलीय अस्पताल में हालत गंभीर होने पर छह लोगों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया।
इनसेट...
घायलों की सूची :
ग्राम भीखमपुर-दया राजभर (40), प्रभा देवी (45), श्रीमनी देवी (32), हर्षित सिंह (5), हर्षित सिंह (15), साक्षी (18), वीरेंद्र सिंह (34), लालती (45), प्रत्यूष (17), ताड़ुका (67), चंद्रशेखर सिंह (45), वीरेंद्र (54), शीला देवी (32), नन्हें (30), कृष्णावती (50), सुमित (18), तेजई (40), केदार (60), दिनेश (40), गुलाबचंद (40), विजय (40), शांतिभूषण (26)। ग्राम दिलावलपुर- लुचई (18), रामा (40), शिव अचल (43), अभय (16), अमन (12), हीरालाल (50), प्रियंका (20), राजेश (35), धर्मराज (40), संकू (17), लालचंद (18), उर्मिला (55), अंजू (17), छुन्नू (25), पृथ्वी (8), उषा (20) एवं बनौरी निवासी कल्लू (34), सेवापुरी निवासी दिनेश (40), बीहड़ा निवासी (38) और गजेपुर निवासी आशा (21) घायल हुई हैं। इनमें से ज्यादातर को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें शांतिभूषण, दया राजभर, हर्षित, लालती, नन्हें, केदार, रामा, उषा और धर्मराज को ज्यादा चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।