जन्माष्टमी के मौके पर मनाए जाने वाले ‘दही हांडी’ महोत्सव में कम से कम 17 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
केईएम अस्पताल की डीन डॉ शुभांगी पारकर ने कहा, ‘दही हांडी के दौरान मानव पिरामिड बनाते वक्त गिरने से घायल 12 लोगों को यहां लाया गया है। इन सभी का इलाज चल रहा है।’
जबकि अन्य घायलों को सियोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डीन डॉ अविनाश सुपे ने कहा, ‘हमारे अस्पताल में कुल पांच लोगों को इलाज के लिए लाया गया था, जिनमें से तीन को छुट्टी दे दी गई है।
जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में काफी चोटें आई हैं।’ हाल ही में बांबे हाईकोर्ट ने 18 साल से कम उम्र के बच्चों के दही हांडी में हिस्सा लेने में रोक लगा दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस फैसले पर स्टे लगा दिया।
इसके बाद महाराष्ट्र में स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर इस महोत्सव में हिस्सा लिया।