आंध्र प्रदेश विधानसभा ने शनिवार को सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी पार्टी टीडीपी के 15 बागी विधायकों को निलंबित कर दिया।
इन लोगों ने इस साल 15 मार्च को किरण कुमार रेड्डी सरकार के खिलाफ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था।
राज्य विधानसभा द्वारा इतने बडे़ पैमाने पर विधायकों के सामूहिक निलंबन का यह दूसरा मामला है। इससे पहले पिछले साल मार्च में विधानसभा ने कांग्रेस के 16 बागी विधायकों को निलंबित कर दिया था।
पार्टी के निर्देशों के खिलाफ जाकर मतदान करने वाले इन बागी विधायकों में नौ कांग्रेस और छह टीडीपी से हैं। ये सभी वाईएस जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने वाले इन विधायकों के खिलाफ विधानसभाध्यक्ष नदेंदला मनोहर ने निलंबन का यह फैसला सुनाया।
टीडीपी द्वारा अपने एक विधायक के खिलाफ दायर की गई ताजा याचिका विधानसभा के समक्ष इस समय लंबित है, जो हाल ही में पार्टी छोड़कर टीआरएस में शामिल हो गए हैं।