उन युवाओं के लिए खुशखबरी है जो डॉक्टर बनना चाहते हैं। सरकार ने एमबीबीएस के कोर्स में 1,390 सीटें बढ़ाए जाने को मंजूरी दे दी है।
यह सीटें देश 32 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बढ़ाई जाएंगी। एक बैठक में बुधवार को मेडिकल कौंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) ने यह सीटें बढ़ाए जाने को मंजूरी दी।
देश भर में कुल 362 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें एमबीबीएस की 45 हजार से ज्यादा सीटें हैं। सीटें बढ़ाए जाने के बाद अब 46,500 युवा एमबीबीएस में दाखिला पा सकेंगे।
इससे पहले एमसीआई ने जुलाई के शुरू में मेडिकल कॉलेजों में ‘अंडर ग्रेजुएट’ पाठ्यक्रमों के लिए 2013-14 सत्र में दाखिलों के लिए क्षमता बढ़ाने के मकसद से नए नियम जारी किए थे।
इस तरह की मंजूरी के लिए 31 जुलाई अंतिम तारीख थी। इस योजना में पहले निजी और सरकारी मेडिकल कॉलेज शामिल किए गए थे, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक स्पष्टीकरण जारी करके निजी मेडिकल कॉलेजों को इससे अलग कर दिया था।
मेडिकल एजूकेशन की सर्वोच्च नियामक संस्था एमसीआई ने अगले 10 वर्षों के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को यह सीटें बढ़ाने की मंजूरी दी है।
सूत्रों के अनुसार जिन मेडिकल कॉलेजों में पहले एमबीबीएस की 50 सीटें थीं उन्हें 100 दाखिलों की अनुमति दी गई है और जिनमें पहले से 100 सीटें थी उनको 150 दाखिलों की मंजूरी दी गई है।
करीब 10 मेडिकल कॉलेजों को नई स्कीम के मानक पूरा न करने के कारण एमबीबीएस पाठ्यक्रम में सीटें बढ़ाने की मंजूरी नहीं दी गई। जिन मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने को मंजूरी दी गई है उनमें एमसीआई चिकित्सा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का भौतिक सत्यापन और निरीक्षण करेगी।
एमसीआई के इस कदम से आने वाले समय में देश के ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी पूरी करने में मदद मिल सकती है।