थानों में अक्सर लोग किसी न किसी अपराध की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। लेकिन बुधवार को एक अनोखी शिकायत लेकर 11 साल की बच्ची नौबस्ता थाने पहुंची।
कक्षा सात में पढ़ रही मासूम शिवानी ने थाने में घुसते ही कहा कि वह पढ़ना चाहती है। पिता जी नहीं पढ़ने देते हैं। वह शराब ही पीते हैं। बच्ची ने एक शिकायती पत्र भी लिखा जो उसने एसओ को दे दिया।
एसओ राजेदव प्रजापति ने बच्ची के पिता पर कार्रवाई की बात कही है। बौद्ध नगर निवासी शिवानी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता दीपक शराब के लती हैं। उसके तीन भाई बहनों में से किसी को भी नहीं पढ़ाया। बड़े भाई शिवा (12) ने तो स्कूल का गेट तक नहीं देखा है।
होटलों में काम करता है। छोटे भाई राम (7) की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है, सो उसके भी स्कूल जाने का सवाल नहीं उठता।
किसी तरह मामा की मदद से वह घर के पास स्थित आरकेएडी स्कूल जा रही थी, तो अब पिता को उस पर ऐतराज है। मां गायत्री को वो घर से निकाल चुके हैं।