केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने शनिवार को झारखंड के कोल्हान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होने के बावजूद पारंपरिक गाउन पहनने से इंकार कर दिया।
उन्होंने गाउन को ब्रिटिश गुलामी का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस परंपरा को बदलना चाहिए।
आईआईटी मुंबई के इंजीनियरिंग स्नातक रमेश ने पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में आयोजित पहले दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति सैयद अहमद और सैकड़ों छात्रों और प्राध्यापकों की उपस्थिति में गाउन पहनने से इंकार कर सबको हैरत में डाल दिया।
उन्होंने बिना गाउन पहने ही दीक्षांत भाषण में कहा कि हमें विदेशी गुलामी की इस परंपरा से पूरी तरह मुक्त होना चाहिए और इसकी शुरुआत केवल विश्वविद्यालय के छात्र ही कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अपने तजुर्बे से वह कह सकते हैं कि भारत का शिक्षा का स्तर आज विश्व भर में ऊंचा है।