महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने सोमवार को आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के प्रमुख यासीन भटकल की जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इसके अलावा एटीएस ने आतंकी घटनाओं में शामिल रहे उसके तीन अन्य सहयोगियों के बारे में भी सूचना देने पर 10-10 लाख रुपये इनाम का ऐलान किया है।
एटीएस ने इन सभी के लेटेस्ट फोटोग्राफ, पते और हाइट, शारीरिक बनावट, उम्र के बारे में भी पोस्टर जारी किया है। एटीएस प्रमुख राकेश मारिया ने बताया कि हम मोहम्मद अहमद सिद्दीबप्पा उर्फ यासीन भटकल (30), दादर बम ब्लास्ट के आरोपी तहसीन अख्तर वसीम अख्तर शेख (23), असदुल्ला अख्तर जावेद अख्तर (26) और वकास उर्फ अहमद (26) के बारे में जानकारी देने वालों को 10-10 रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।
इन चारों पर 13 जुलाई 2011 को मुंबई में शाम के व्यस्त समय में विभिन्न स्थलों पर हुए तीन समन्वित बम धमाकों में शामिल होने का आरोप है। ये बम विस्फोट ओपेरा हाउस, झावेरी बाजार और दादर बेस्ट में हुए थे। इसमें 27 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 130 लोग घायल हुए थे। तहसीन के अलावा अन्य तीनों पर 1 अगस्त को पुणे शहर चार कम क्षमता वाले धमाकों का भी आरोप है। यासीन और असदुल्ला अहमदाबाद, सूरत, बंगलूरू, दिल्ली और हैदराबाद में हुए बम धमाकों में भी शामिल रहे हैं।