बोडोलैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्टर्ड डिस्ट्रिक्टस (बीटीएडी) में बृहस्पतिवार को ताजा हिंसा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोकराझाड़ टाउन में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोकराझाड़ जिले के तेलीपाड़ा में सुबह अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी पहचान निरिसुन बासुमतारी के रूप में हुई है। हथियारों से लैस अज्ञात लोगों के एक अन्य दल ने कोकराझाड़ में ही साप्ताहिक बाजार में एक व्यापारी पर हमला बोला और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। व्यापारी की पहचान अब्दुल कलाम के रूप में हुई है।
बाजार में हुए हमले के मद्देनजर कोकराझाड़ टाउन में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। आज हुई हत्या को लेकर बीटीएडी में 10 नवंबर को भड़की हिंसा में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने बुधवार की रात कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए विशेष बैठक बुलाई थी। इसमें उन्होंने डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हिंसा से कड़ाई से निपटने का आदेश दिया था।