आयुष्मान खुराना स्वीकार कर चुके हैं कि जब तक वह बड़े पर्दे पर वाकई कुछ अनूठा नहीं कर देते, लोग उनमें ‘विक्की डोनर’ ही देखेंगे। पिछले साल ‘नौटंकी साला’ के बाद अब वह ‘बेवकूफियां’ में दिखेंगे।
फिल्म ‘बेवकूफियां’ कैसी बेवकूफियां हैं?
यह आज के दौर की फिल्म है। आज के युवा और उनकी समस्याओं पर आधारित है। इन समस्याओं के बीच कभी युवाओं से बेवकूफियां हो जाती हैं।
हिंदी में अब तक ऐसी कोई फिल्म नही आई जो पूरी तरह से मंदी को ध्यान में रख कर बनाई गई हो। इस फिल्म के जरिए ऐसे लोगों की लव स्टोरी दिखाने की कोशिश है जो मंदी के बावजूद अपने प्यार को बचाने में कामयाब होते हैं।
सोनम कपूर के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
काफी अच्छा। वह बेहतरीन अदाकारा हैं। सबका ध्यान रखती हैं। साथी कलाकार को काफी सहज महसूस कराती हैं। शूटिंग से पहले मैं काफी नर्वस था।
एक स्टाइल आइकॉन के साथ काम करना मुझ जैसे आम दिखने वाले लड़के के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था कि पता नही हमारी जोड़ी लोगों को पसंद आएगी या नही। जब मैं उनसे मिला तो महसूस हुआ के वह स्वाभाव से काफी सरल और सुलझी हुई हैं।
ऋषि कपूर के सामने घबराहट तो नहीं हुई? उनके साथ भी आप पहली बार काम कर रहे थे...!
बतौर दर्शक उनसे गहरा नाता रहा है। टीवी और फिल्मों में उन्हें देख-सुन-समझ कर बड़ा हुआ हूं। फिल्म में उन्होंने रियल लाइफ कैरेक्टर प्ले किया है। वह एक आम पिता के किरदार में हैं, जो अपनी बेटी का हाथ सुरक्षित और आत्मनिर्भर इंसान के हाथों में देना चाहता है।
मिडिल क्लास इंसान इसी मिजाज का होता है। उन्होंने उस किरदार को खूबसूरती से निभाया है। इस किरदार में हर आम पिता को अपनी झलक दिखेगी।
फिल्म में गर्लफ्रेंड के पिता को मनाने में पापड़ बेलने पड़े। असल जिंदगी में ताहिरा (आयुष्मान की पत्नी) के पिता को कैसे मनाया था?
ताहिरा और मैं कॉलेज फ्रेंड थे, इसलिए ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उनके पिता को मैं बहुत पसंद था। वे कहा करते थे कि यह लड़का बड़ा प्यारा है। इससे तो कोई भी लड़की शादी करना चाहेगी।
आपकी फीमेल फॉलोइंग बहुत है। ताहिरा को कभी असुरक्षा महसूस नहीं हुई?
नहीं। मैं हमारे रिश्ते की बहुत इज्जत करता हूं। मैंने सदा कोशिश की है कि हमारे बीच कोई गलतफहमी न हो।
आप सिंगर भी हैं। क्या हनी सिंह के साथ गाने की कोई योजना है?
मैं उनका फैन हूं। उनके गाने मुझे बहुत पसंद हैं। फिलहाल तो उनके संग गाने का मौका नहीं मिला है, पर आगे मौका मिला तो हम जरूर गाना गाएंगे।
गायन और अदाकारी में ज्यादा किसे तरजीह देंगे?
गायन चलता रहेगा। फिलहाल ध्यान अदाकारी पर है। हर फिल्म में कम से कम एक गाना गाता रहूंगा।
आपके ड्रीम डायरेक्टर कौन हैं?
राजू हिरानी, इम्तियाज अली, दिबाकर बनर्जी के साथ काम करना चाहूंगा।
कोई ड्रीम रोल?
-‘शक्ति’ में अमिताभ बच्चन और ‘कभी हां कभी ना’ में शाहरुख वाले किरदार निभाना चाहूंगा।
सफलता के मायने आप के लिए क्या हैं?
खुशी। पैसा या प्रसिद्धि नहीं। मैं लोकप्रियता का भूखा नहीं हूं।
--
--