फिल्म राम-लीला में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के लिपलॉक किस की चर्चा थमी नहीं है कि एक और स्टीमी किस सुर्खियों में आ गया है। राजकुमार हिरानी ने हाल ही में अपनी नई फिल्म पीके में सुशांत सिंह और अनुष्का शर्मा पर एक स्टीमी किसिंग सीन फिल्माया है।
शुद्ध देसी रोमांस में परिणीति चोपड़ा के साथ कई किसिंग सीन करने के बाद अब अनुष्का के साथ भी इसी तरह के पिक्चराइजेशन से सुशांत की गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे टेंशन में आ गई हैं।
उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि सुशांत इस तरह के सीन स्वीकार क्यों कर रहे हैं? लेकिन अंकिता फिल्म पीके में इस तरह के सीन की खबर पर यह सोचकर चुप हैं कि यह राजकुमार हिरानी की फिल्म है। उनकी फिल्म में महज सनसनी के लिए कोई सीन संभव नहीं है।
दोबारा जमेगी जोड़ी
एकता कपूर और संजय गुप्ता ने नए प्रोजेक्ट के लिए एक बार फिर हाथ मिला लिए हैं। दोनों के प्रोडक्शन हाउस मिलकर फिल्म खोटे सिक्के बनाने जा रहे हैं। खोटे सिक्के का निर्देशन संजय गुप्ता ही करेंगे।
यह फिल्म भी उनकी पिछली फिल्मों की तरह ही एक ऐसी गैंगस्टर फिल्म होगी, जिसमें जबर्दस्त एक्शन और ड्रामा क्रिएट किया जाएगा। एकता कपूर के साथ शूटआउट एट लोखंडवाला और शूट आउट एट वडाला जैसी फिल्में बना चुके संजय का कहना है कि उनकी नई फिल्म खोटे सिक्के का फिरोज खान की इसी नाम की चर्चित फिल्म से कोई संबंध नहीं है।
खोटे सिक्के के अलावा संजय गुप्ता एक अन्य फिल्म मुंबई सागा भी लिख रहे हैं। यह एक सच्ची क्राइम स्टोरी पर आधारित होगी, जिसमें अस्सी और नब्बे का मुंबई परदे पर दिखाया जाएगा।
नेगेटिव किरदार नहीं करना चाहता: सनी
सनी देओल हीरो के रूप में एक लंबी पारी खेल चुके हैं। कैरियर के इस मोड़ पर वे अब नेगेटिव किरदार नहीं निभाना चाहते हैं। अब जब कि उनके साथ के कई अभिनेताओं को नकारात्मक किरदार निभाने में कोई दिक्कत नहीं आ रही है, लेकिन सनी हैं कि यह जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। ऐसा क्यों?
इस सवाल के जवाब में सनी कहते हैं कि उनके चाहने वाले उन्हें नेगेटिव रोल में पसंद नहीं करेंगे। अगर वे अपने दर्शकों की भावनाओं का खयाल नहीं रखेंगे, तो यह भारी चूक होगी। उनका यह भी कहना है कि मेनस्ट्रीम सिनेमा का कोई भी हीरो इस तरह का जोखिम नहीं उठा पाता।
फिल्म डर में शाहरुख के निभाए नेगेटिव किरदार के बारे में सनी का कहना है कि उनकी मौजूदगी सेकेंड हीरो के रूप में ही थी। यही वजह है कि उनके किरदार के साथ दर्शकों की पूरी सहानुभूति हो जाती है।