यह किस्सा शाहरुख की शादी के ठीक एक दिन के बाद घटा था। शादी में हजार तरह की झंझावात झेलने के बाद शाहरुख शादी के अलगे दिन ही दिल्ली से मुंबई रवाना हो गए। शाहरुख मुंबई में एक छोटे से फ्लैट में बैचलर स्टाईल से रहते थे। वह गौरी को लेकर उसी फ्लैट में जाने वाले थे। उस समय तक उनकी 'दीवाना' फिल्म रिलीज हो चुकी थी।
उस समय शाहरुख के दोस्त बन चुके निर्देशक अजीज मिर्जा को यह अच्छा नहीं लगा कि शाहरुख शादी के बाद अपनी पहली रात बिना सुविधाओं वाले छोटे से फ्लैट में गुजारे। खासकर तब जब एक नयी-नवेली दुल्हन उनके साथ हो।
उन्होंने शाहरुख-गौरी के लिए एक होटल में दो दिन तक रहने का बंदोबस्त किया। यह उनकी तरफ से शाहरुख की शादी के लिए तोहफा था।
हेमा मालिनी ने मिलने के लिए बुलाया
शादी में जाने के पहले शाहरुख 'दिल आशना है' फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। इस फिल्म की निर्देशक और प्रोड्यूसर हेमा मालिनी थीं। यह फिल्म धर्मेंद्र के प्रोडक्शन में बन रही थी।
होटल में रूकने बाद शाहरुख ने हेमा को यह बताने के लिए फोन किया कि वह मुंबई वापस आ गए हैं। हेमा ने बातों ही बातों में शाहरुख खान से कहा कि वह चाहें तो शूटिंग स्थल पर आ जाएं। क्योंकि वह और धर्मेंद्र शूटिंग के लिए स्टूडियो जा रहे हैं।
शाहरुख खान को लगा कि यह गौरी के लिए एक सरप्राइज हो जाएगा कि उसे हेमा मालिनी और धर्मेंद्र आर्शीवाद मिले। शाहरुख ने उत्साह के साथ वहां जाने की तैयारी की। गौरी भी हेमा से मिलने के लिए उत्साहित थीं।
इंतजार हो गया शुरु
शाहरुख उस स्टूडियों में शाम को पहुंच गए जहां पर 'दिल आशना है' की शूटिंग हो रही थीं। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि धर्मेंद्र और हेमा अभी नहीं आए हैं।
स्टूडियों के एक कमरे में शाहरुख, गौरी के साथ हेमा और धर्मेंद्र का इंतजार करने लगे। बिना प्लास्तर वाले उस कमरे में लोहे की कुर्सियों में इंतजार करते उन्हें कई घंटे बीत गए।
समय बीतता गया लेकिन हेमा और धर्मेंद्र नहीं आए। हां, एक स्पॉट ब्वॉय से उनका एक फरमान जरूर आया। स्पॉट ब्वॉय ने शाहरुख से कहा "धर्मेंद्र जल्द ही यहां पहुंचने वाले हैं और उन्होंने कहा कि वह पहले से डिस्कश हो चुके सीन शूट कर लें"।
आते ही होंगे धर्मेंद्र
अस्सिटेंट डायरेक्टर स्टूडियों में मौजूद थे। रात के करीब 11 बजे शाहरुख शूटिंग के लिए चले गए। इस उम्मीद के साथ कि धर्मेंद्र और हेमा अभी आते ही होंगे और गौरी की उनसे मुलाकात हो जाएगी।
पर ऐसा नहीं हुआ। रात के दो बजे तक शाहरुख की यह शूटिंग चलती रही और धर्मेंद्र-हेमा नहीं आए। शाहरुख जब लौटकर उस मेकअप रूम में लौटे तो भारी-भरकम साड़ी पहने गौरी थकान से उसी कुर्सी में नींद में लुढ़क चुकी थीं।
रोते हुए निकले शाहरुख और गौरी
मुश्ताक शेख द्वारा लिखी गयी शाहरुख खान की जीवनी में इस घटना का जिक्र करते हुए शाहरुख खान कहते हैं कि उस दिन मुझे खुद पर रोना आया। अपने आप और अपने फैसले पर। यह दिन इंडस्ट्री में मेरे और गौरी के लिए अपमान का दिन था। यह गौरी की सुहागरात थी जो एक घटिया से मच्छर भरे कमरे में किसी का इंतजार करते हुए कटी थी।
शाहरुख कहते हैं "मैंने गौरी को उठाया। न गौरी ने मुझसे कुछ पूछा और न ही मैने गौरी को कुछ बताया। शायद हम दोनों ही असलियत समझ चुके थे। हम दोनों टैक्सी में चुपचाप खामोशी के साथ टैक्सी में होटल वापस जा रहे थे। आज मैं इंडस्ट्री में जो कुछ भी हूं उसकी एक बड़ी वजह वह एक रात भी थी"।