भारत की बड़ी हस्तियों में एक कोरियोग्राफर श्यामक डावर पर दो डांसरों ने गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। डांसरों ने अपनी याचिका ब्रिटिश कोलंबिया के सुप्रीम कोर्ट में दायर की है।
53 वर्षीय श्यामक डावर बॉलीवुड ही नहीं हॉलीवुड में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उनके कोरियोग्राफी निर्देशन में बनी फिल्में एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर साबित हुई हैं।
आपको बता दें कि जिस दौर में सरोज खान, फराह खान, गणेश आचार्य जैसी मशहूर हस्तियां कोरियोग्राफी में अपने करियर की शुरुआत कर रही थीं, उस जमाने में श्यामक डावर कोरियोग्राफी के ब्रांड बन चुके थे। अब इन पर गंभीर आरोप लगा है।
साथ नहाने के लिए करते थे मजबूर
सीबीसी न्यूज की खबर के मुताबिक श्यामक डावर के खिलाफ दी गई याचिका में डांसरों ने ने कहा कि वह अक्सर बिना कपड़ों के उनके बेड पर लेट जाते थे और गलत ढंग से छूने लगते थे। साथ ही आपत्तिजनक हरकतें करने के लिए मजूबर करते थे।
खबर के मुताबिक डांसरों का आरोप है कि डावर उन्हें अक्सर किस करते थे। यहीं नहीं एक डांसर का आरोप है कि डावर ने एक बार उसे धमकी दी थी और कहा था कि 'मैं तुम्हारे राज जानता हूं। तुम मेरे साथ नहाओ वरना सारे राज खोल दूंगा।'
डांसरों का आरोप है कि डावर आध्यामिक पंथी वीआरआरपी स्पिरिचुअल लर्निंग ग्रुप पर नियंत्रण रखने वाले नेता हैं। इसके जरिए वो आध्यात्म और डांस सिखाते वक्त अपने स्टूडेंट्स से साथ यौन उत्पीडन करते हैं।
ये हैं आरोप लगाने वाले दोनों डांसर
श्यामक डावर पर कनाडा के उत्तरी वैंकुवर के रहने वाले पर्सी श्राफ और जिम्मी मिस्त्री नाम के दो स्टूडेंट्स ये आरोप लगाए हैं। दोनों ही कई वर्षों तक डावर के छात्र रहे हैं।
उधर, इनके आरोपों को डावर ने सिरे से खारिज कर दिया है। मामले पर सफाई देते हुए कहा डावर ने इसे उन्हें बर्बाद करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि वो चुप नहीं बैठेंगे और कोर्ट में जाकर अपना पक्ष रखेंगे।
उनका कहना है कि वह वीआरआरपी के महज संरक्षक हैं न कि उसके नेता। और न ही आध्यात्म या डांस के नाम पर किसी का शोषण किया है।
शाहरुख, शिल्पा, शाहिद के गुरु हैं डावर
डावर कोरियोग्राफी के एक मशहूर ब्रांड हैं। उनकी हालिया हॉलीवुड रिलीज मिशन इंपासिब 4 ने सफलता के झंडे गाड़ दिए थे। आपको बता दें कि वह हॉलीवुड ब्रायन एडम्स, ओपरा विन्फ्रे, टॉम क्रूज, रिचर्ड गियर, विल स्मिथ और स्टीव वॉन्डर के साथ काम कर चुके हैं।
इसके अलावा बॉलीवुड कलाकरों के तो वे गुरु रह चुके हैं। उन्होंने शाहरुख खान, शिल्पा सेट्टी, शाहिद कपूर समेत कई लोगों को निर्देशित किया है।
शाहरुख खान की फिल्म 'दिल तो पागल है' के लिए नेशनल अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। फिलहाल श्यामक ने कहा कि इन आरोपों के बाद भी वह अपना टीचिंग का काम जारी रखेंगे।