-फिल्म शानदार के बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ने के बाद शाहिद कपूर ने करियर में जोखिम न उठाने का फैसला कर लिया है। फिल्मी गलियारों में चर्चा गरम है कि उन्होंने फैंटम फिल्म्स का साथ छोड़ दिया है। शाहिद के शानदार में काम करने के पीछे फैंटम के मुख्य पार्टनर और कर्ताधर्ता मधु मेंटाना को माना जा रहा था।
शाहिद और मधु अच्छे दोस्त हैं। दोस्त के कहने पर ही शाहिद ने क्वीन के डायरेक्टर विकास बहल की फिल्म की थी। उन्हें उम्मीद की कंगना रनौत को बॉक्स ऑफिस की क्वीन बनाने वाला डायरेक्टर उन्हें किंग बना देगा, लेकिन हुआ इसका उल्टा। शानदार को शाहिद के फैन्स ने तक नकार दिया। फिल्म ने शाहिद को तो झटका दिया ही, निर्माताओं को भी घाटा दिया।
सूत्र बता रहे हैं कि शाहिद ने फैंटम की अगली फिल्म में काम करने से मना किया है। जबकि इस फिल्म के लिए शाहिद द्वारा एक दिन शूटिंग करने की तक बात बताई जा रही थी। इस फिल्म का निर्देशन उड़ान और लुटेरा जैसी फ्लॉप फिल्मों के निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे थे।
कहा जा रहा है कि शाहिद इस टीम के साथ काम करके और जोखिम नहीं लेना चाहते। सूत्रों के अनुसार शाहिद पहले भी विक्रमादित्य की फिल्म को हां कहने के लिए तैयार नहीं थे लेकिन मधु के जोर देने पर उन्होंने इसके लिए मंजूरी दी थी।