पिछले साल 18 दिसंबर को रिलीज हुई 'बाजीराव मस्तानी' और 'दिलवाले' को लेकर रिलीज से पहले से ही कई तरह की बातें की जा रही थी। दो बड़ी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर जोरदार मुकाबला होने की सबको उम्मीद थी। ऐसा ही हुआ भी। दोनों फिल्म रिलीज हुई तो पहले बाजी मारी शाहरुख खान की फिल्म दिलवाले ने।
पहले कुछ दिनों तक दिलवाले ने ज्यादा कमाई की जबकि संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी पिछड़ती दिखी। लेकिन शुरुआती कारोबार के बाद मामला उलटने लगा और फिर दिलवाले पिछड़ने लगी।
दोनों फिल्मों को 18 दिसंबर के बाद अगले तीन हफ्ते तक कोई फिल्म रिलीज ना होने का फायदा भी लगातर मिला। दिलवाले की बात की जाए तो फिल्म ने भारत के साथ-साथ विदेशों में जबर्दस्त कमाई की है। फिल्म ने 149 करोड़ की कमाई विदेशों में की है। साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 141.58 करोड़ की कमाई की है। बॉलीमूवीरिव्यूज के अनुसार अन्य स्त्रोतों से भी हुई सारी कमाई मिलाकर फिल्म ने 320 करोड़ की कमाई कर ली है।