साउथ फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने मद्रास उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर फिल्म 'मैं हूं रजनीकांत' की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की। यह फिल्म उन्हीं पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म संभवत: उनको नीचा दिखाएगी।
इसस उनके साथ उनके प्रशंसकों को नाखुश करेगी। रजनीकांत ने अपनी याचिका में कहा कि उन्होंने कभी अपने नाम का सहारा लेकर किसी फिल्म या उत्पाद का प्रचार नहीं किया, क्योंकि इससे शायद उनके प्रशंसक गुमराह होंगे।
मैं बिल्कुल ठीक हूं
अस्पताल में भर्ती अभिनेता कमल हासन ने कहा कि वह बिल्कुल भले चंगे हैं और खतरे जैसी कोई बात नहीं है। कमल को फूड प्वाइजनिंग की वजह से मंगलवार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
कमल ने अस्पताल से फोन पर बात करते हुए कहा, "मुझे पता है कि बहुत से लोग इस मसले पर कहानियां बनाना चाहते हैं। मैं क्षमा चाहता हूं कि उनको निराश होना पड़ेगा। मैं बिल्कुल ठीक हूं, भला चंगा हूं। यह बस फूड प्वाइजिंग का सामान्य सा मामला था। खतरे जैसी कोई बात नहीं है।"
नरेंद्र मोदी पर कोई फिल्म नहीं
निर्देशक प्रकाश झा ने उन अटकलों पर विराम लगाया है, जिनमें कहा जा रहा था कि वह अगली फिल्म मोदी पर बनाएँगे। उन्होंने इस बात से इंकार करते हुए कहा है, कि उनकी अगली फिल्म आधुनिक समाज और पुलिस के रिश्तों पर आधारित होगी, ना कि नरेंद्र मोदी पर। फिल्म के जनवरी तक शुरू होने की खबर है।
वॉशिंगटन डीसी दक्षिण एशियाई फिल्म उत्सव के दौरान आयोजित एक गोष्ठी में शिरकत कर रहे झा ने कहा, "मैंने अभी तक अपनी फिल्म का नाम तय नहीं किया है। यह फिल्म समाज और पुलिस के रिश्तों पर आधारित होगी।"