इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म राजा नटवरलाल शुक्रवार को रिलीज हुई। बिना किसी भव्य प्रचार-प्रसार के रिलीज हुई। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ पाकिस्तान से आईं अभिनेत्री हुमैमा मलिक भी थीं।
कोई और बड़ी फिल्म न होने का लाभ इस फिल्म को मिला। औसत फिल्म होने के बावजूद फिल्म ने पहले दिन 6 करोड़ की कमाई कर ली। इमराना हाशमी की पिछली दो फिल्में घनचक्कर और एक थी डायन के मुकाबले फिल्म को बेहतर ओपनिंग मिली।
मर्दानी ने कमा लिए 24 करोड़
रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी धीमे-धीमे सफलता की राह पर चल पड़ी है। फिल्म ने अब तक लगभग 24 करोड़ की कमाई कर ली है। इसके मुकाबले और कोई बड़ी फिल्म न होने की वजह से इस फिल्म के शो अब तक मल्टीप्लेक्सों में बने हुए हैं।
फिल्म के विषय को देखते हुए मप्र और उप्र में इस फिल्म को टैक्स फ्री किया जा चुका है। टैक्स फ्री होने की वजह से फिल्म की लोकप्रियता बरकरार है। उम्मीद की जा रही है कि इस वीकेंड तक फिल्म 30 करोड़ से अधिक का कारोबार कर लेगी। यशराज बैनर की इस फिल्म में रानी मुखर्जी ने ही लीड रोल निभाया है।
सिंघम की बादशाहत कायम
15 अगस्त को रिलीज हुई रोहित शेट्टी की फिल्म सिंघम रिटर्न्स सप्ताह बीत जाने के बाद भी अच्छा कारोबार कर रही है। अपने तीसरे शुक्रवार को भी फिल्म ने एक करोड़ की कमाई की। इस तरह यह फिल्म अब तक 136 करोड़ की कमाई कर चुकी है।
सिंघम रिटर्न्स के रिलीज होने के दो सप्ताह बाद भी उप्र, बिहार, महाराष्ट्र और राजस्थान के सिनेमाघरों में अभी तक यह फिल्म चल रही है। अजय देवगन और करीना कपूर की यह फिल्म इस साल की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। निर्देशक रोहित शेट्टी की यह पांचवी फिल्म है जो 100 करोड़ के क्लब में पहुंची।