जल्द ही मीका का कार्टून रूप आपको बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा। यूं तो वह फिल्मों में पहले भी दिख चुके हैं, परंतु इस बार मामला अलग है। मीका निर्देशक फौजिया अर्शी की फिल्म दिमाग का दही में एक गीत गाते नजर आएंगे, परंतु उनका रूप कार्टून कैरेक्टर में होगा।
इस कॉमेडी में मीका का गाना भी कॉमिक अंदाज का है जिसके बोल हैः बाप होना पाप। फौजिया के अनुसार, ‘ये एक पिता के दृष्टिकोण से लिखा हुआ हंसी-मजाक वाला गाना है और इसमें व्यंगात्मक टिप्पणी भी है।
फौजिया निर्देशक होने के साथ फिल्म की संगीतकार भी हैं। उनका कहना है, ‘मीका का गाना नए जमाने की अनियंत्रित, अति तेज-तर्रार युवा पीढ़ी के लक्षणों को बखूबी दर्शाता है।’ 16 अक्तूबर को रिलीज हो रही इस कॉमेडी में संजय मिश्रा, राजपाल यादव, रजाक खान और कादर खान जैसे दिग्गज ऐक्टर नजर आएंगे।