इस शुक्रवार को दो ऐसी फिल्में रिलीज हुई हैं। जिनको फिल्मी पंडित टकटकी लगाए देख रहे हैं। दोनों ही फिल्में काफी समय से बेहद चर्चाओं में हैं। क्योंकि दोनों ही फिल्में अपनी-अपनी तरह की खासियत रखती हैं। साल के पहले महीने में रिलीज होने की वजह से भी ये फिल्में खास हैं।
दरअसल पिछले साल का अंत बॉक्स ऑफिस के लिए शानदार रहा था। साल का अंत 18 दिसंबर को दो बड़ी फिल्मों से हुआ। शाहरुख खान की दिलवाले और संजय लीला भंसाली की बाजीराव मस्तानी ने साल के आखिर में बढ़िया कमाई की। दोनों फिल्मों की कमाई ने नए साल से उम्मीदें बढ़ा दीं।
इस साल की पहली बड़ी फिल्म अमिताभ बच्चन और फरहान अख्तर की वजीर थी। 8 जनवरी को रिलीज हुई वजीर बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर सकी। फिल्म ने अब तक 38 करोड़ की कमाई की है। जो अमिताभ जैसे सितारो को देखते हुए बहुत उत्साहजनक नहीं है।
इस शुक्रवार को कुवैत-इराक में 1990 में हुए युद्ध के दौरान कुवैत में फंसी भारतीयों पर बनी एयरलिफ्ट और दूसरी तरफ अश्लीलता की हदें तोड़ती क्या कूल हैं हम 3 आई हैं। ऐसे में दोनों फिल्मों की कमाई ही तय करेगी कि कौन सी फिल्म दर्शकों को पसंद आई है।
पहले दिन से ही कमाई में एयरलिफ्ट आगे
कुवैत से 1 लाख से ज्यादा भारतीयों को युद्ध के दौरान सुरक्षित निकालने की कहानी पर बनी एयरलिफ्ट ने पहले दिन से ही निर्माताओं की उम्मीदें जगाई। अपने टीजर और ट्रेलर के साथ से ही फिल्म को एक देशभक्ति फिल्म की तरह पेश किया जा रहा है। इसका भी इसको फायदा मिल रहा है।
समीक्षकों ने भी एयरलिफ्ट को अच्छा भाव दिया। ज्यादातर समीक्षाओं में फिल्म को अच्छा कहा गया है। पहले दिन फिल्म नें 12.35 करोड़ की कमाई की। वहीं दूसरी ओर तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी और मंदाना करीमी की मुख्य भूमिकाओं वाली 'क्या कूल हैं हम 3' है।
'क्या कूल हैं हम 3' में अश्लीलता की भरमार है। फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही इसके सीन पर सेंसर की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं हुईं। लेकिन पहले दिन फिल्म ने 7.5 करोड़ की कमाई की। जो कि पिछले कुछ दिनों में आई कई बड़े सितारों की फिल्मों की कमाई से बेहतर रही। लेकिन शनिवार को नजारा काफी बदल गया।
शनिवार को एयरलिफ्ट ने मारी छलांग
शनिवार को अक्षय कुमार की एयरलिफ्ट की कमाई में उछाल आया है। फिल्म ने शनिवार के 12.35 करोड़ के मुकाबले 14.60 करोड़ की कमाई की। इस तरह फिल्म की दो दिन की कुल कमाई 26.95 करोड़ हो गई है। इस तरह अब फिल्म से बड़े वीकएंड की उम्मीद की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर पोर्न कॉमेडी क्या कूल हैं हम 3 ने पहले दिन 7.5 करोड़ की कमाई की थी। लेकिन दूसरे दिन फिल्म का जादू दर्शकों के ऊपर नहीं चला। फिल्म ने शनिवार को 5.21 करोड़ की कमाई की। इस तरह फिल्म की दो दिन की कमाई 12.71 करोड़ हो गई है।
एयरलिफ्ट की कमाई पर ट्रेंड एनेलिस्ट तरण आदर्श का ट्वीट
#Airlift has a GOOD jump on Day 2. Is winning hearts. Winning the BO. Fri 12.35 cr, Sat 14.60 cr. Total: ₹ 26.95 cr. Sun will be better.— taran adarsh (@taran_adarsh) January 24, 2016