पांच दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद सलमान खान-जैकलिन फर्नांडिज की फिल्म अब 200 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही यह इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है। साथ ही यह सलमान की भी अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इस फिल्म ने सोमवार तक लगभग 202 करोड़ रूपए कमा लिए थे। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म 225 करोड़ तक कमा सकती है।
एक था टाइगर के आगे निकली
किक के दो सौ करोड़ के क्लब में पहुंचने के साथ ही सलमान ने कमाई के मामले में अपनी एक पुरानी फिल्म एक था टाइगर का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एक था टाइगर ने भारतीय बॉक्स ऑफिस में करीब 198 करोड़ की कमाई की थी। यह फिल्म अब तक ओवरसीज बाजार में 319 करोड़ कमा चुकी है। जबकि किक अब तक ओवरसीज मार्केट में 313 करोड़ की कमाई कर चुकी है।
निकल गई थ्री इडियट्स के आगे
सलमान खान की किक भारतीय बाजार के आंकड़ों के अनुसार आमिर खान की चर्चित फिल्म 3 इडियट्स के आगे निकल गई है। 3 इडियट्स ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 202 करोड़ की कमाई की थी। सोमवार तक यह किक 202 से भी आगे निकल चुकी है। मंगलवार तक इसके 210 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है।
टूटेगा चेन्नई एक्सप्रेस का रिकॉर्ड?
3 इडियट्स फिल्म के बाद किक शाहरुख की चर्चित और उनके कैरियर की सबसे बड़ी फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। किक 202 करोड़ से अधिक कमा चुकी है और चेन्नई एक्सप्रेस के खाते में 226 करोड़ की कमाई है। जिस गति से किक चल रही है उसे देखकर कहा जा सकता है कि यह फिल्म 24 करोड़ रूपए आराम से कमा लेगी। यदि किक ऐसा करती है तो वह धूम 3 के बाद सबसे बड़ी फिल्म बन जाएगी।