बॉलीवुड में दस साल बिताने के बाद खुद की तारीफ करते एक्टर इमरान हाशमी का कहना है कि इंडस्ट्री में फिल्मों की नई शैली शुरू करने के बाद मिली तारीफों से वह खुश हैं।
इमरान ने कहा, ‘एक्टर के रूप में मुझे लंबे समय तक स्वीकार नहीं किया गया था। मगर इससे मुझे फर्क नहीं पड़ा क्योंकि दर्शकों ने मुझे पसंद किया। मैं कभी भी खुद की तुलना दूसरों से नहीं करता। मैंने कभी भी कोई गेम प्लान नहीं बनाया और जो भी रास्ते में आया मैं उसे स्वीकार करता चला गया।’
इस 34 वर्षीय अभिनेता ने कहा, ‘मुझे लगता है कि धीरे-धीरे अब मुझे मेरा हक मिलने लगा है। मुझे खुशी है कि करण जौहर और विशाल भारद्वाज जैसे फिल्ममेकर भी मुझे एप्रोच कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘मेरे कैरियर के पहले पांच साल में एक तरह के रोल करने के कारण मेरी काफी आलोचना हुई। मैंने हमेशा कुछ नया करने की कोशिश की। इन दिनों मैंने फिल्मों की नई शैली तैयार कीहै, जिसे इस इंडस्ट्री ने पहले नहीं देखा था। हमारी मुख्यधारा की फिल्में अधिकतर फैमिली ड्रामा या फिर कॉमेडी होती हैं, लेकिन मेरी फिल्में हमेशा कुछ हटकर होती हैं।’
फिलहाल इमरान को अच्छी स्क्रिप्ट और भूमिका का इंतजार है।
उन्होंने कहा, ‘मैं कुछ बड़ी और ज्यादा सफल फिल्मों, बेहतर स्क्रिप्ट और कुछ रोचक किरदार की तलाश में हूं। मेरी हमेशा कोशिश रहेगी कि मेरी फिल्म पिछली फिल्म के मुकाबले परफोरमेंस और बॉक्स ऑफिस सफलता के मामले में आगे बढ़े।’