एक का नुकसान अक्सर दूसरे का फायदा बन जाता है। पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई निर्देशक अभिषेक कपूर की फितूर की बॉक्स ऑफिस पर हालत इतनी खराब हो गई है कि महानगरों के मल्टीप्लेक्सों में उसके कई शो हॉलीवुड फिल्म डैडपूल के खाते में चले गए हैं।
यह स्थिति इसलिए भी बनी कि शुक्रवार की ही रिलीज सनम रे पहले फितूर से अधिक थियेटरों मे रिलीज हुई और वेलेंटाइन डे के बाद वह भी ठंडी पड़ चुकी है। सनी देओल की घायल वंस अगेन को भी इस हीरो के फैन देख चुके हैं।
नतीजा यह कि हॉलीवुड की डैडपूल के शो कई मल्टीप्लेक्सों में बढ़ा दिए गए हैं। मल्टीप्लेक्सों के अधिकारियों का कहना है कि उनके पास इस फिल्म के शो बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।