अमेरिका में कई सालों से हिट 'पीपुल च्वॉइस अवार्ड' शो पहली बार भारत में शुरू हुआ है। कलर्स पर 25 नवंबर को प्रसारित होने वाले इस 'पीपुल च्वॉइस अवार्ड' की मेजबानी 'विक्की डोनर' फिल्म और इसके गाने 'पाणी दा रंग' से फेम पा चुके आयुष्मान खुराना करेंगे। डिफरेंट फील्ड्स में काम करने वाले आयुष्मान अभिनय करने में ज्यादा सहज महसूस करते हैं। जल्द ही आयुष्मान कुछ फिल्मों में गाते और अभिनय करते दिखेंगे। हाल ही में अमर उजाला की आयुष्मान से उनके अनुभवों को लेकर खास बातचीत हुई। पेश है आयुष्मान से बातचीत के कुछ अंशः
'पीपुल च्वॉइस अवार्ड' का कॉन्सेप्ट क्या है, इतने अवार्ड्स होने के बावजूद इस अवार्ड की जरूरत क्यों पड़ी?
इस अवार्ड का कॉन्सेप्ट बहुत ही यूनिक है। इस अवार्ड में कोई ज्यूरी नहीं है। सिर्फ एक ही जज है और वो है आम जनता। इसीलिए इसका नाम भी 'पीपुल च्वॉइस अवार्ड' है। इसमें जिसे भी अवार्ड मिलेगा वो पब्लिकली और फेयर होगा, जनता जिसे चुनेगी वही इस अवार्ड का हकदार होगा।
रही बात जरूरत की तो, एक्टर्स, एंकर्स या किसी भी सेलिब्रिटी या आर्टिस्ट जनता और अपने फैंस की वजह से ही आगे बढ़ता है। मुझे लगता है कि जनता को एक अवसर मिलना चाहिए था अपने फेवरेट कलाकार को नॉमिनेट करने के लिए।
आपने इस शो का होस्ट बनना क्यों एक्सपेट किया, जबकि आप अपनी फिल्म से पॉपुलर हो गए हैं?
मुझे लगता है कि ये शो बिल्कुल 'विक्की डोनर' की तरह है। मेरी ये फिल्म भी पब्लिक के सपोर्ट से आगे बढ़ी। मेरी फिल्म का बहुत ज्यादा प्रमोशन नहीं किया गया था, क्योंकि ये छोटे बजट की फिल्म थी। पब्लिक ने ही इस फिल्म को हिट कराया है। इस अवार्ड शो का कॉन्सेप्ट भी यूनिक है जिसने मुझे इसका होस्ट बनने के लिए इंस्पायर किया।
आपको कैसा लग रहा है इतने बड़े अवार्ड सेरमनी का होस्ट बनकर?
मुझे लगता है कि मेरे लिए इसमें नया होगा कि मैं पहली बार कोई अवार्ड शो होस्ट करूंगा। जहां मैं खुद नॉमिनेशंस में हूं। वैसे भी मैं नई-नई चीजें करना ज्यादा पसंद करता हूं।
आप पहले भी टीवी शोज होस्ट करते आए हैं क्या आपने इसके लिए कोई खास तैयारी की है?
जो भी शो होस्ट करते हैं सबका फॉरमेट एक जैसा ही होता है। लेकिन मैं एक अभिनेता के तौर पर इस शो को होस्ट कर रहा हूं ना कि एक एंकर के तौर पर। इस शो में आप मुझे आत्मविश्वास से भरा देखेंगे। मैं इस शो को लकर बहुत एक्साइटेड भी हूं और बहुत मजा आ रहा हैं। मैं अपनी तरफ से कोशिश करूंगा कि कुछ यूनिक का सकूं।
आप आमतौर पर प्लान करके काम करते हैं?
मैं चार साल से एंकरिंग कर रहा हूं तो मैं जो भी करूंगा उसी वक्त करूंगा। दरअसल, लोग मुझे सिचुएशंस देते हैं जिन पर मैं रिएक्ट करता हूं।
आपने फिल्मों से लेकर टीवी, रेडियो तक में काम किया है आप सबसे ज्यादा कहां सहज महसूस करते हैं?
मैं एक परफॉमर हूं, मैंने थियेटर किया है, रेडियो-टीवी के लिए काम किया है लेकिन मैं हमेशा से ही एक्टर बनना चाहता था। कंफर्टेबल मैं हर रोल में हूं लेकिन मुझे एक्टिंग में सबसे ज्यादा मजा आता है।
आपने डिफरेंट फील्ड में काम किया है आपका कोई यादगार मूमेंट?
मेरी ही फिल्म का एक इंसीडेंट हैं। मैं फिल्म में एक पंजाबी मुंडे का रोल प्ले कर रहा था, दिल्ली में सुभाष नगर और लाजपत नगर में हम शूट कर रहे थे, मैं शूटिंग के बाद वहीं के आसपास के एरिया में लोगों के घरों में खाना खाता था। मेरा लंच एक के घर में तो डिनर दूसरे के घर में होता था। वहां पर आसपास के लोगों के साथ मेरा काफी इंटरैक्शन हो गया था।
जब वहां कोई आंटी या कोई मुझसे फिल्म के बारे में पूछता कि कौन सी फिल्म है तो मैं बताने में शर्मा जाता था कि स्पर्म डोनर की फिल्म है।
आपने फिल्म में गाना भी गाया है, गाने का एक्सपीरिएंस कैसा था?
बहुत अच्छा था। मैंने सोचा भी नहीं था कि गाने को लोग इतना पसंद करेंगे। मैं अपनी आने वाली फिल्म के लिए भी दो गाने गा रहा हूं।
आज आयुष्मान एक जाना-माना नाम है, ऐसे में आप इंडस्ट्री में अपने आपको कहां देखते हैं?
मैं अपने आपको काफी सिक्योर देखता हूं। मेरा यहां कोई गॉड फादर नहीं है। मैंने जो भी कमाया, जो भी किया खुद अपने बल पर किया है। ये अच्छा हुआ कि मेरी अच्छे लोगों से मुलाकात हुई जिन्होंने मुझे आगे बढ़ने का चांस दिया।
मैं इंडस्ट्री में अपने आपको वहां देखता हूं जहां एक्टर्स में मल्टीटास्कर्स कम हैं। या तो सिर्फ एक्टर हैं, या सिर्फ सिंगर हैं। मैं जो भी करना चाहता हूं अच्छा करना चाहता हूं बेशक उसमें मास्टरी हासिल ना हो। फिर वो एंकरिंग हो, सिंगिंग हो या फिर एक्टिंग।
इस वक्त आपके पास कैसे ऑफर्स आ रहे हैं?
हर तरह के ऑफर आ रहे हैं, सीरियस रोल्स के ऑफर आ रहे हैं, कॉमेडी के ऑफर आ रहे हैं। लेकिन मैं बहुत सोच समझकर ही फिल्में साइन कर रहा हूं।
मैं जो भी फिल्म करूंगा वो आउट ऑफ द बॉक्स होगी। हमारे यहां या तो सुपरस्टार्स चलते हैं या फिर सुपर स्क्रिप्ट्स। मैं चाहता हूं कि अच्छी स्क्रिप्ट्स पर काम करूं।
अपनी फिल्म 'नौटंकी साला' के बारे में कुछ बताइए?
हां मैं रोहन सिप्पी की फिल्म 'नौटंकी साला' के लिए काम कर रहा हूं। जो बहुत ही अलग फिल्म है, इसमें मैं एक थियेटर एक्टर का रोल प्ले कर रहा हूं। थियेटर को लेकर बॉलीवुड में कोई खास काम नहीं हुआ। ये फिल्म बहुत अलग है।
रियैलिटी शो और फिल्मों में क्या डिफरेंस लगता है?
दोनों में बहुत फर्क है। पहले तो मीडियम का फर्क है, फिल्में बड़े परदे है तो शोज छोटे परदे पर। रियैलिटी शो में रियैलिटी होती है जबकि फिल्मों में फिक्शन होता है। रियैलिटी शो में आप खुद रहते हैं लेकिन फिल्मों में ऐसा नहीं होता। लेकिन आप फिल्मों में अपना कुछ एड कर सकते हैं तो अच्छा रहता है।
आपको बिग बॉस के घर में जाने का मौका मिला तो आप जाएंगे?
मैं कंटेस्टेंट नहीं बनना चाहता। मैं एंकर बन सकता हूं या एक्टर बन सकता हूं। मुझे लगता है कि मैं आपको रीयल लाइफ में कुछ दे नहीं पाउंगा लेकिन बतौर परफॉमर मैं काफी कुछ कर सकता हूं। हो सकता है बतौर कंटेस्टेंट मैं काफी बोरिंग रहूं। मैं बहुत कम बोलता हूं, इंट्रोवर्ट हूं। मैं पब्लिकली अपने इमोशंस बयां नहीं कर पाता।
अपनी आने वाली फिल्मों 'हमारा बजाज' के बारे में बताइए?
'हमारा बजाज' फिल्म अगले साल शूट होगी। फिलहाल तो मैं 'नौटंकी साला' की शूटिंग में बिजी हूं।