अगर कभी आपकी डोरबेल बजे और दरवाजा खोलने पर दीपिका पादुकोण दिखाई दें तो क्या करेंगे! आप सोच कर रखिए क्योंकि आने वाले दिनों में यह सपने जैसी बात सच भी हो सकती है। खबर है कि दीपिका की अगली फिल्म ‘फाइंडिंग फैनी फर्नांडिस’ के लिए निर्माता-निर्देशक प्रमोशन और मार्केटिंग की अनूठी रणनीति बना रहे हैं।
जिसमें दीपिका और उनके को-स्टार अर्जुन कपूर अलग-अलग शहरों में जाकर अचानक किसी के भी घर पहुंच जाएंगे और पूछेंगे कि क्या आपने फैनी फर्नांडिस को देखा है? कहीं ऐसा तो नहीं कि वह आपके घर में छुपी है? अब लोग दीपिका और अर्जुन को अपने घर में पाकर किस तरह की प्रतिक्रिया देंगे यह तो पता नहीं, लेकिन यह जरूर है कि मोहल्ले में उनके आने की खबर होगी तो भीड़ लगना पक्का है।
इटली से आया कंगना को बुलावा
‘क्वीन’ और ‘रिवॉल्वर रानी’ जैसी फिल्मों के बाद कंगना रनौत की शोहरत सात समुंदर पार पहुंच गई है। विदेशी डायरेक्टर उनके साथ काम करना चाहते हैं। सूत्र खबर लाए हैं कि इटली के इंटरनेशनल फिल्म मेकर एडार्डो डी एंजेलिस ने कंगना को अपनी अगली फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिका से स्क्रीन राइटिंग का कोर्स करके लौटीं कंगना इस पर विचार कर रही हैं।
हालांकि कंगना ने इस बारे में पक्का मन नहीं बनाया है, लेकिन जिस तरह से वह अलग-अलग रोल निभाने का जोखिम लेती हैं, उससे लगता है कि वह हां कह देंगी। कंगना ने खबर की पुष्टि करते हुए खुशी व्यक्त की है कि ‘मुझे लगता है अब यूरोपीय बाजार के दरवाजे मेरे लिए खुल गए हैं।’ कंगना की इस साल अब कोई फिल्म नहीं आएगी। अगले साल वह ‘तनु वेड्स मनु 2’ और ‘डिवाइन लवर्स’ में नजर आएंगी।
मिल्खा के बाद जल्दी-जल्दी फिल्में
रंग दे बसंती और भाग मिल्खा भाग जैसी फिल्में बनाने वाले राकेश ओम प्रकाश मेहरा के प्रशंसकों को उनकी अगली फिल्म का लंबा इंतजार करना पड़ता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने फिल्में बनाने की रफ्तार तेज करने का फैसला किया है। यही कारण है कि राकेश ने सिनेस्तान एंटरटेनमेंट कंपनी के साथ तीन फिल्मों की डील साइन की है। कंपनी में मुख्य रूप से उद्योगपति आनंद महिंद्रा का धन लगा है।
सिनेस्तान सबसे पहले रोम्प पिक्चर्स के साथ मिल कर फिल्म ‘मिर्जिया’ का निर्माण कर रही है। राकेश इसके निर्देशक हैं और अनिल कपूर का बेटा हर्षवर्द्धन इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रहा है। राकेश की इस कंपनी के साथ दूसरी फिल्म ‘फन्ने खां’ होगी, जो एक हॉलीवुड फिल्म का अधिकृत रीमेक होगी। राकेश के लिए यह फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ वाले नितिन कक्कड़ डायरेक्ट करेंगे। इसके बाद राकेश मेहरा खुद कमान संभाल कर तीसरी फिल्म डायरेक्ट करेंगे, जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी।