सेक्सी बिपाशा बसु और उनके फ्लॉप हीरो प्रेमी हरमन बावेजा इन दिनों अपने लिए एक आशियाना तलाश कर रहे हैं। मुंबई के बांद्रा इलाके में यह खोजबीन जारी है। इसका मतलब साफ है कि दोनों अब साथ-साथ रहने का मन बना चुके हैं। पिछले दिनों हरमन की फिल्म 'ढिश्क्याऊं' रिलीज हुई थी, जिसके पहले चर्चा थी कि फिल्म रिलीज होने के बाद यह प्रेमी जोड़ा अग्नि को साक्षी मान कर सात फेरे ले लेगा। क्या फ्लैट की तलाश इसी दिशा में बढ़ा हुआ कदम है? जल्द ही मालूम हो जाएगा।
सलमान की बिकनी वाली नायिका
पर्दे पर हर फिल्म में शर्ट उतारने वाले सलमान खान को पसंद नहीं कि उनकी फिल्म में हीरोइन बिकनी पहन कर आए। वे कई बार खुलकर इस बारे में कह चुके हैं। लेकिन अब लगता है कि उनके इरादे बदलने लगे हैं। हाल में उन्होनें अपने ब्रांड की ऐसी टी-शर्ट रिलीज की जिसमें एक लड़की बिकनी पहने हुए है। खुद सलमान यह टी-शर्ट पहन कर पार्टियों में जा रहे हैं। क्या उनके इरादे अब बदल चुके हैं?
अख्तर ने मांगा सहयोग
फिल्म इंडस्ट्री में कॉपीराइट के मुद्दे पर फिल्म निर्माताओं और म्यूजिक कंपनियों से लंबी लड़ाई लड़ रहे जावेद अख्तर ने अपने पुराने राइटर साथी सलीम खान का साथ मांगा है। जावेद एक म्यूजिक कंपनी को अपना समर्थन देने जा रहे हैं जो गीतकारों और गायकों को रॉयल्टी देगी। फिलहाल चर्चा है कि सलीम ने जावेद को इस मुद्दे पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है, लेकिन देखना यह है कि हकीकत में वह क्या करेंगे क्योंकि खुद उनके बेटे फिल्म प्रोड्यूसर हैं।