सितारों को देश में तो हर कोई पहचानता है, इसलिए अक्सर वे विदेश जाते हैं कि वहां उन्हें चैन की सांस लेने मिलेगी क्योंकि ज्यादातर लोग उन्हें नहीं जानते। यही सोच कर बिपाशा बसु पिछले दिनों अपनी बहन विजेता के साथ अमेरिका पहुंच गईं।
दोनों बहनें वहां एक मॉल में शॉपिंग कर रही थीं कि कुछ लोगों ने बिपाशा को पहचान लिया, लेकिन उनके दिमाग में इस बांग्ला ब्यूटी की छवि ऐक्टर की नहीं सेक्स सिंबल थी। उन्होंने फिकरे कसे और साथ में फोटो खिंचाना चाहा। गुस्साई बिपाशा ने उन्हें डांटा तो माहौल बिगड़ गया। आखिरकार बिपाशा को बहन के साथ शॉपिंग अधूरी छोड़ कर मॉल से भागना पड़ा।
परिणिती का हीरो 43 का
परिणीति चोपड़ा ने अभी तक किसी खान के साथ काम नहीं किया है। सभी अभिनेत्रियों की तरह वह भी खान ऐक्टरों के साथ काम करना चाहती हैं। लेकिन पता चला है कि उनके हिस्से शाहरुख, आमिर या सलमान नहीं आए हैं, बल्कि उन्हें 43 साल के सैफ अली खान के साथ काम करने का ऑफर आया है। खैर, जब तक बाकी खान मिलें 25 साल की परिणीति ने सैफ का साथ ही मंजूर कर लिया है। किसी ने सही कहा है, कुछ नहीं से कुछ मिलना बेहतर होता है।
बंद हो जाएगा कॉमेडी नाइट्स
कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाला कॉमेडी कार्यक्रम 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' सितंबर माह से बंद होने जा रहा है। शो के मेजबान और निर्माता कपिल शर्मा ने रविवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी। इससे पहले खबर आई थी कि कपिल शो को हफ्ते में दो दिन के बजाय एक दिन करने की योजना बना रहे हैं, क्योंकि वह यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली 'बैंक चोर' में व्यस्त हो जाएंगे, लेकिन कलर्स चैनल ने उनका निवेदन अस्वीकार कर दिया था। अब यह शो पूरी तरह से ही बंद हो जाएगा।