यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर बन रही बायोपिक में अमिताभ बच्चन के भी जुड़ने की खबरें हाल ही में आईं थी। लेकिन इंटरनेट पर इसको लेकर विरोध के बाद अमिताभ ने सफाई दी है। मिड डे में छपी खबर के अनुसार, अमिताभ इस फिल्म का हिस्सा नही होंगे।
एक हफ्ते पहले ये खबर आई थी, कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर एक बायोपिक बनाई जा रही है। जिसमें रघुबीर यादव या राहुल बोस के मुलायम सिंह की भूमिका में नजर आने की बात कही जा रही थी। बाद में अमिताभ बच्चन से भी जुड़ने के लिए बात की गई।
लेकिन हाल ही में मुलायम सिंह ने गैंगरेप को लेकर बयान दिया है, जिसकी काफी आलोचना की जा रही है। उनकी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना की जा रही है। इसी मामले में लोगों ने अमिताभ से मुलायम की बायोपिक में काम ना करने की अपील की है।
इस मामले के सामने आने के बाद अमिताभ के करीबी सूत्रों का कहना है, कि ये खबर बिल्कुल बेबुनियाद है। अमिताभ से कभी इस फिल्म के लिए संपर्क किया ही नहीं गया। ऐसे में ये फिल्म में काम करने की बात ही कहां से आती है।